ट्रक चालक की निर्मम हत्या भड़के ग्रामीणों ने लगाया जाम

4/23/2019 12:57:51 PM

गोहाना(अरोड़ा): गांव बिचपड़ी के एक ट्रक चालक की हत्या कर दी गई। उसका शव गोहाना-सफीदों मार्ग स्थित गांव खंदराई के निकट सड़क से करीब 100 फुट दूर झाडिय़ों में लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। मृतक के रस्सी से पैर बंधे मिले और और चुन्नी से गला दबाया गया था। उसके सिर पर ईंटों से हमला किया गया था। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने घटनास्थल पर जाम लगा दिया और आरोपियों का पता लगाकर उनकी गिरफ्तारी की मांग की।

सूचना मिलने पर शहर थाना से पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया और मौके का मुआयना करके शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। गांव बिचपड़ी निवासी कर्मवीर (32) पुत्र धर्मचंद सतीश नाम के व्यक्ति का ट्रक चलाता था। सतीश का तौल कांटा भी है। रविवार रात को कर्मवीर शहर में जींद स्थित तोल कांटे से अपनी मोटरसाइकिल उठाकर गांव के लिए निकला था। वह घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने मोबाइल फोन पर बात करने की कोशिश की लेकिन सम्पर्क नहीं हो पाया।
 
सोमवार सुबह कुलदीप व कप्तान अपने भाई कर्मवीर की तलाश में लग गए। जब एक भाई सफीदों मार्ग स्थित गांव खंदराई के निकट पहुंचा तो सड़क पर कर्मवीर की मोटरसाइकिल खड़ी मिली। उसने इधर-उधर तलाश की तो कर्मवीर का शव सड़क से करीब 100 फुट दूर झाडिय़ों में मिला। बताया गया है कि कर्मवीर के पैर रस्सी से बंधे हुए थे और गला चुन्नी से घोंटा गया था। सिर पर ईंट से वार किए गए थे।घटना का पता लगने पर मृतक के परिजन व गांव के लोग पहुंच गए।

उधर शहर थाना से एस.एच.ओ. महिपाल सिंह की टीम भी मौके पर पहुंची। एफ.एस.एल. की टीम के पहुंचने में देरी होने और हत्या से गुस्साए ग्रामीणों ने घटनास्थल के निकट जाम लगा दिया। परिजनों ने पुलिस ने जल्द हत्या के आरोपियों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवा दिया। बाद में पहुंची एफ.एस.एल. की टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मृतक की पत्नी बबली की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। कर्मवीर की हत्या के कारणों का पता नहीं लग पाया है। परिजनों ने किसी पर संदेह भी नहीं जताया है।

kamal