दुष्कर्म का झूठा आरोप लगाकर छात्र से पैसे लेती महिला गिरफ्तार

5/22/2019 10:53:47 AM

रोहतक (किन्हा) : फेसबुक के माध्यम से छात्र से दोस्ती करके उस पर दुष्कर्म का आरोप लगाकर पैसे ऐंठने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के गांव बोहर निवासी 21 वर्षीय छात्र के पास कुछ दिन पहले एक महिला ने फेसबुक पर फ्रैंड रिक्वैस्ट भेजी। छात्र द्वारा फ्रैंड रिक्वैस्ट एक्सैप्ट करने के बाद दोनों में बातचीत शुरू हो गई।

कुछ समय के बाद दोनों में दोस्ती भी हो गई। महिला ने खुद को विधवा बताते हुए अपना नाम ज्योति बताया, जो अपनी 17 साल की बेटी के साथ आर्य नगर में रहती है। कुछ दिन पहले महिला ने छात्र को अपने घर बुला लिया। घर पहुंचने के बाद महिला ने छात्र को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। महिला ने धमकी दी कि यदि उसे रुपए नहीं दिए तो वह दुष्कर्म का केस दर्ज करवा देगी। हालांकि उस समय छात्र वहां से बहाना बनाकर निकल गया। इसके बाद भी महिला उससे संपर्क करती रही लेकिन छात्र ने रुपए देने से मना कर दिया।

आखिर में 18 मई को महिला ने छात्र के खिलाफ महिला थाने में दुष्कर्म की शिकायत दे दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू की और छात्र को थाने में बुलाया। छात्र ने बताया कि उसकी फेसबुक के माध्यम से दोस्ती हुई थी और उस पर लगाया गया दुष्कर्म का आरोप गलत है। उसे फंसाया जा रहा है। इसके बाद महिला फिर से थाने में पहुंची और पुलिस को शपथ पत्र दे दिया कि वह इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहती। 

3 लाख में सौदा तय, पुलिस को महिला पर था शक
शक होने पर पुलिस ने पूरी प्लाङ्क्षनग तैयार की। छात्र के परिजनों से भी सम्पर्क  किया गया। छात्र और महिला के बीच 3 लाख रुपए में सौदा तय हो गया। तय किया गया कि डेढ़ लाख रुपए 20 मई को दे दिए जाएंगे और बाकी की रकम 25 मई को को दे दी जाएगी। प्लाङ्क्षनग के तहत सोमवार को महिला से छात्र ने संपर्क किया कि वह रुपए देने आ रहा है और कोर्ट के सामने मिल जाना। हालांकि महिला ने अलग-अलग जगहों पर बुलाना चाहा लेकिन छात्र ने मना कर दिया। इसके बाद महिला कोर्ट के सामने पहुंची। जैसे ही महिला ने छात्र से रुपए लिए तुरंत पुलिस ने उसे दबोच लिया। जिसके बाद उसे आर्य नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। मंगलवार को महिला को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Isha