1 कर्मचारी के भरोसे ओटू वीयर के कंट्रोल रूम की कमान

7/16/2018 3:19:58 PM

रानियां(दीपक मेहता): उत्तर भारत में मानसून दस्तक देने ही वाला है। इस के साथ ही क्षेत्र से गुजरने वाली घग्गर नदी के संभावित बाढ़ के खतरों को लेकर जिला प्रशासन ने अभी से पुख्ता इंतजाम करने शुरू कर दिए है लेकिन सिंचाई विभाग के पर्याप्त मात्रा में जूनियर इंजीनियर व एस.डी.ओ. ही नहीं हैं। 

घग्गर डिवीजन में 16 जूनियर इंजीनियर के पद स्वीकृत हैं और 4 एस.डी.ओ. के, लेकिन इस समय विभाग के पास केवल 2 जूनियर इंजीनियर हैं और 2 एस.डी.ओ. कार्यरत हैं। इसके अलावा बेलदार सहित अन्य स्टाफ कर्मचारी केवल 25 प्रतिशत ही उपलब्ध है। गांव ओटू में से गुजर रही घग्गर नदी पर बने ओटू वीयर पर न तो कोई एस.डी.ओ. कार्यरत है और न ही कोई जूनियर इंजीनीयर, सिरसा के एस.डी.ओ. अमित नैन को ओटू का एडीशनल चार्ज दिया गया है। 

43 हजार क्यूसिक पानी की क्षमता वाले ओटू वीयर के कंट्रोल रूम की कमान केवल 1 कर्मचारी के हाथ में है। ओटू वीयर पर कर्मचारी व अधिकारियों की कमी विभाग को खल रही है, ऐसे में पुख्ता इंतजाम क्या बाढ़ को रोक पाएंगे क्योंकि नदी पर निगरानी रखने के लिए व पल-पल बढ़ते जलस्तर को नियंत्रण में करने के लिए किन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। 

पिछले दिनों जिला उपायुक्त प्रभजोत सिंह ने घग्गर नदी के बांधों का निरीक्षण किया था और कुछ गांव के किनारों पर बांध कमजोर थे, उन्होंने तुरंत घग्गर डिवीजन के अधिकारियों को पत्र लिखकर बांधों को मजबूत करने के निर्देश जारी कर दिए थे लेकिन समय व स्टाफ की कमी के चलते बांधों पर मिट्टी डालने का कार्य शुरु किया गया है।


 

 
 
 

Rakhi Yadav