अजय यादव के इस्तीफे और गुटबाजी पर बोले तंवर, नेताओं को दी नसीहत

8/1/2016 4:39:12 PM

सिरसा: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कैप्टन अजय यादव के इस्तीफे और पार्टी में गुटबाजी को लेकर खुलकर बातचीत की है।


जानकारी के मुताबिक डॉ. तंवर रविवार को हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव नवीन केडिया के कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। यहां उन्होंने कहा कि कैप्टन अजय यादव कांग्रेस के वरिष्ठ नेता है, उनकी नाराजगी दूर की जाएगी। कांग्रेस में सभी नेता अपने ढंग से काम कर पार्टी को मजबूत कर रहे है। बताया जा रहा है कि इनैलो द्वारा कांग्रेस को लेकर की जा रही टिप्पणी के संबंध में तंवर ने कहा कि कांग्रेस विपक्ष की भूमिका अच्छे तरीके से पूरा कर रही है, जबकि इनैलो का जनाधार खत्म होता जा रहा है।


डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि प्रदेश में कॉलेजों में प्रवेश सीटें बढ़ाए जाने को लेकर विद्यार्थियों द्वारा किए जा रहे आन्दोलन का कांग्रेस पार्टी समर्थन करती है। तंवर ने कहा कि हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रदेश सरकार द्वारा हरियाणा के स्वर्ण जयंती समारोह का स्वागत करती है और इस समारोह में सरकार के साथ है। लेकिन सरकार को चाहिए कि वह इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूती प्रदान करें और प्रदेश में कानून व्यवस्था को अच्छा बनाए। 


हरियाणा केवल गुडग़ांव के मॉल और फरीदाबाद की इंडस्ट्री तक ही सीमित नहीं है। यह तीन ऐतिहासिक युगों, गीता उपदेश, महाभारत, बीरबल, रजिया बेगम के इतिहास से भी ओत प्रोत है। एक सवाल के जवाब में डॉ. अशोक तंवर ने कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ द्वारा किसानों को जागरूक करने के लिए आरंभ की गई पदयात्रा को दिखावा करार दिया। किसानों के साथ-साथ सभी वर्गों के हित केवल कांग्रेस में ही सुरक्षित हैं और भाजपा का असली चेहरा अब सामने आ चुका है।