ए.टी.एम. कार्ड बदलकर की धोखाधड़ी, खाते से उड़ाए हजारों रुपए

2/10/2019 12:11:02 PM

ऐलनाबाद(विक्टर): शहर में एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा ए.टी.एम. कार्ड बदलकर, धोखाधड़ी करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने इस मामले में पुलिस को शिकायत देकर, दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ  धारा 406, 420 आई.पी.सी. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की दी है। मिली जानकारी अनुसार खंड के गांव तलवाड़ा खुर्द निवासी लक्ष्मण दास पुत्र कर्मचंद ने अपनी शिकायत में लिखा है कि उसका खाता भारतीय स्टेट बैंक शाखा ऐलनाबाद में है। 

गत दिनों उक्त बैंक द्वारा नए ए.टी.एम. कार्ड दिए गए हैं। वह ए.टी.एम. कार्ड का नया पिन कोड बनाने के लिए शहर के पंचमुखी चौक में स्थित ए.टी.एम. पर गया तो वहां पर मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने मेरी सहायता करने के लिए कहा और मेरा ए.टी.एम. बदल दिया। उसके बाद उक्त अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी करते हुए 40,000 रुपए निकाल लिए और जब मुझे इस बात का पता चला तो मैंने अपने शहर के भारतीय स्टेट बैंक शाखा में जाकर जांच की तो उक्त जानकारी प्राप्त हुई। पीड़ित लक्ष्मण दास ने उस अज्ञात आरोपी के खिलाफ  कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ  धारा 406, 420 आई.पी.सी. के तहत मामला दर्ज करके, दोषी को पकडऩे के लिए सी.सी.टी.वी. फुटेज खंगाल रही है ताकि उक्त अज्ञात व्यक्ति की पहचान हो सके। समाचार लिखे जाने तक पुलिस अज्ञात दोषी का पता नहीं लगा पाई थी।

Deepak Paul