डेरा प्रमुख से आम कैदियों जैसा व्यवहार : पंवार

11/15/2017 10:27:53 AM

चंडीगढ़(ब्यूरो):डेरामुखी राम रहीम को जेल में कोई वी.आई.पी. ट्रीटमैंट नहीं मिल रहा, उनके साथ आम कैदियों जैसा व्यवहार होता है। यह दावा जेल मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने किया। उन्होंने कहा कि ये बातें बिल्कुल निराधार हैं और गुरमीत सिंह को जेल मैनुअल के अनुरूप ही सुविधाएं मिल रही हैं। जेल में आम कैदियों को जो खाना मिलता है, वही उसे दिया जाता है। सजा के अनुसार उससे श्रम करवाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि जिस बैरक में डेरामुखी को रखा है, उसमें एक समय में 6 जेल अधिकारियों, कर्मचारियों की ड्यूटी रहती है। यह ड्यूटी 24 घंटों के लिए है। इसी तरह से जेल अधीक्षक के अलावा दूसरी जेलों का 1-1 जेल अधीक्षक हर हफ्ते रोटेशन पर ड्यूटी देता है। 

दूसरी जेलों से ही जेल उपाधीक्षक की भी ड्यूटी लगती है। किस जेल का उपाधीक्षक ड्यूटी पर होगा, इसकी भनक सुनारिया जेल प्रशासन तक को नहीं होती। यही नहीं, गुरमीत सिंह की बैरक पर ड्यूटी करने वाले जेल अधिकारियों व जवानों को लिखित में आदेश हैं कि डेरामुखी के साथ अकेले में कोई भी मुलाकात नहीं करेगा। जेल मंत्री ने कहा कि राम रहीम के परिवार को भी हफ्ते में एक ही दिन मुलाकात की इजाजत दी जाती है। 20 मिनट में से केवल गुरमीत सिंह के परिवार ने 8 मिनट मुलाकत की, जबकि 3 मिनट सामान के जांच में लगे।