चुनावी रंजिश में 2 पक्षों में खूनी संघर्ष

12/7/2017 11:22:21 AM

डबवाली(संदीप):करीब पौने 2 वर्ष पूर्व हुए पंचायत चुनावों की रंजिश के चलते आज 2 पक्ष आपस में भीड़ गए। नैशनल हाईवे नं. 9 पर स्थित गांव खुइयांमलकाना के पास जमकर खूनी संघर्ष हुआ। झगड़े में घायल हुए लोगों का उपचार सिरसा के सामान्य अस्पताल में चल रहा है, वहीं इस मामले की सूचना पाकर सदर थाना प्रभारी विनोद कुमार सिरसा नागरिक अस्पताल घायलों के बयान दर्ज करने पहुंचे। जानकारी के अनुसार गांव जंडवाला जाटान निवासी सरदूल सिंह डबवाली कोर्ट से साथियों के साथ अपने गांव जा रहा था। गांव खुइयांमलकाना के समीप जंडवाला जाटान निवासी जोगेंद्र व सरदूल सिंह अपने साथियों के साथ आपस में भिड़ गए।

जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों के इस झगड़े ने खूनी संघर्ष का रूप धारण कर लिया। सरदूल सिंह के पैर पर गोली लगी जबकि जोगेंद्र सिंह के शरीर पर भी तेजधार हथियारों के वार से गंभीर चोटें आई हैं। हालांकि पुलिस को झगड़े वाली जगह खुइयांमलकाना में गोली चलने के निशान नहीं मिले हैं। सदर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि सूचना पाकर वे अपनी टीम के साथ मौके पर गए थे लेकिन गोली चलने के सबूत नहीं मिले हैं। फिलहाल वह सिरसा के नागरिक अस्पताल में घायलों के बयान दर्ज करने पहुंचे हैं। घायलों के बयानों के मुताबिक ही पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी।