अफसरों के ठेंगे पर मंत्री के आदेश, नहीं शुरू की बस सेवा

1/29/2020 12:47:25 PM

रानियां(सतनाम): सिरसा से वाया रानियां होकर अनूपगढ़ (राजस्थान) क्षेत्र में जाने वाली रोडवेज की बस सेवा लंबे समय से बंद है। इस बस सेवा के बंद होने से क्षेत्रवासियों को खासी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। इस बस सेवा को पुन: शुरू करने के लिए क्षेत्रवासियों ने अनेक बार रोडवेज अधिकारियों से गुहार लगाई, पर उनकी इस मांग की ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया, फिर हलके के लोगों ने इसकी शिकायत बिजली मंत्री व रानियां से विधायक रणजीत सिंह के दरबार में करते हुए इस बस सेवा को शुरू करवाने की गुहार उनसे लगाई।

बिजली मंत्री ने जी.एम. रोडवेज को रानियां से अनूपगढ़ बस सेवा को फिर से शुरू करवाने के आदेश भी दिए। बिजली मंत्री के आदेशों के बाद भी यह बस अभी तक शुरू नहीं हो सकी जिसके कारण क्षेत्र के लोगों में मायूसी है। रानियां से अनूपगढ़ बस सेवा शुरू होने का इंतजार दिनोंदिन लंबा होने के कारण अब उम्मीदें टूटने लगी हैं। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि जब अधिकारी मंत्री के आदेशों की परवाह नहीं करते तो फिर उनकी क्या बिसात है।

2 बार बिजली मंत्री ने स्वयं इस मामले में संज्ञान लेते हुए जी.एम. रोडवेज को यह बस सेवा शीघ्र शुरू करवाने के आदेश दिए। मंत्री के आदेशों की बाद भी यह बस सेवा शुरू नहीं हो पाई। दरअसल, रानियां हलके के अंतिम छोर पर बसे गांव बणी से राजस्थान की सीमा शुरू हो जाती है। इधर, से ऐलनाबाद का क्षेत्र राजस्थान की सीमा से लगता है। रानियां से ऐलनाबाद की दूरी करीब 20 किलोमीटर है। अगर रानियां से किसी को राजस्थान जाना है तो ऐलनाबाद या बणी होकर ही जाना पड़ता है।

यह बस सेवा सुबह के समय करीब 6 बजे सिरसा से रानियां पहुंचती थी फिर रानियां से आगे अनूपगढ़ के लिए रवाना होती थी। रानियां हलके से अक्सर लोगों को व्यापार व रिश्तेदारी में राजस्थान आना-जाना पड़ता है। यह बस सेवा लोगों के लिए बड़ी सुविधाजनक थी। इस बस सेवा के बंद होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हलांकि सुबह के समय रोडवेज की एक बस रानियां से वाया ऐलनाबाद होकर हनुमानगढ़ तक तो जाती है लेकिन लोगों का कहना है कि रानियां से अनूपगढ़ जाने वाली बस सेवा को ही फिर से शुरू किया जाए ताकि उनकी परेशानियां हल हो जाएं। 

मुख्यालय की अनुमति जरूरी : जी.एम.
इस बारे में रोडवेज महाप्रबंधक खूबी राम कौशल ने बताया कि रानियां से अनूपगढ़ रूट पर रोडवेज की बस सेवा बंद है, यह मेरे संज्ञान में है। मंत्री जी के आदेश मिल गए हैं। इस बस सेवा को शुरू करने के लिए मुख्यालय की अनुमति जरूरी है। मैंने मुख्यालय को इसके बारे में लिखकर भेज दिया है। कम आय के कारण यह रूट परमिट बंद कर दिया गया। अगर मुख्यालय से अनुमति मिलती है तो फिर से इस रूट पर बस सेवा बहाल कर दी जाएगी। 

Edited By

vinod kumar