कांग्रेसियों ने फूंका मुख्यमंत्री का पुतला

9/7/2019 2:15:40 PM

सिरसा : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव नवीन केडिया के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं ने भगत सिंह चौक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल का पुतला फूंका। कांग्रेस कार्यकत्र्ता नए मोटर व्हीकल कानून 2019 का विरोध कर रहे थे। पुतला फूंकने से पूर्व कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं ने केंद्र व हरियाणा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और काला कानून वापस लो, के नारे लगाए।

कांग्रेस नेता नवीन केडिया ने कहा कि जबसे केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकारें आई हैं तभी से देश का हर वर्ग परेशान है।इस सरकार ने पहले नोटबंदी और जी.एस.टी. लागू करके पूरे देश को दुखी किया। उसके बाद पैट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए। बिजली और पानी के बिल जनता के भारी विरोध के बाद वापस लिए गए तो अब यह नया काला कानून मोटर व्हीकल एक्ट के रूप में जनता पर थोप दिया गया है।

केडिया ने कहा कि गरीब आदमी बमुश्किल अपने काम धंधे के लिए वाहन खरीदता है। हजारों वाहन तो फाइनैंस के तहत लिए हुए हैं जिन पर भारी ब्याज लोग पहले से भर रहे हैं। अब वाहन की कीमत से अधिक के चालान करके जनता को तकलीफ में डाला जा रहा है। अनेक लोगों के इतने भारी भरकम चालान काटे गए हैं कि उनकी जान सांसत में फंस गई है। उन्होंने कहा कि अगर शीघ्र ही इस काले कानून को सरकार ने वापस नहीं लिया तो कांग्रेस पार्टी की ओर से आंदोलन किया जाएगा।

Isha