टाटा एस की टक्कर से महिला की मौत

8/14/2018 11:53:15 AM

सिरसा (ब्यूरो): गांव फरवाई कलां के निकट सोमवार की सुबह सैर कर लौट रहे एक दम्पति को गांव के पास ही एक तेज रफ्तार टाटा एस ने टक्कर मार दी। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके पति को भी गंभीर चोटें आईं। जानकारी अनुसार गांव फरवाई कलां निवासी निरवंती पति इंद्रजीत के साथ रोजाना की भांति सुबह सैर के लिए निकली थी। सैर करने के बाद सुबह करीब सवा 7 बजे दोनों वापस घर लौट रहे थे। 

इसी दौरान सरदूलगढ़ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार टाटा एस चालक ने दोनों को टक्कर मार दी। निरवंती की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका पति इंद्रजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। इंद्रजीत को अस्पताल में पहुंचाकर परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। 

Deepak Paul