कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत के बलबूते पर 5 राज्यों से भाजपा का हुआ सफाया: तंवर

12/15/2018 2:59:12 PM

सिरसा(ब्यूरो): हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने कहा कि छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनना देश के लिए शुभ संकेत है। इससे यह बात जाहिर हो गई है कि हरियाणा में भी कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ उभरकर सामने आएगी। डा. तंवर चुनावों के परिणाम आने के बाद पहली बार सिरसा पहुंचे थे। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका फूलमालाओं और ढोल नगाड़ों से स्वागत किया।

अपने निवास स्थान पर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए डा. तंवर ने कहा कि 2019 में पूरे देश में बदलाव की बयार दिखाई देगी और राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनकर देश को उन्नत बनाने का काम करेंगे। डा. तंवर ने कहा कि गीता जयंती समारोह में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह 5 राज्यों की हार के चलते सम्मिलित होने का हौसला तक नहीं कर पाए।

कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर को 3 राज्यों में सरकार बनाने की बधाई देते हुए कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता होशियारी लाल शर्मा ने भी कार्यकत्र्ताओं से बातचीत की। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकत्र्ताओं की अथक मेहनत के बलबूते पर ही 5 राज्यों से भाजपा का सफाया हुआ है। इस जीत को आगे भी बरकरार रखना है। इस अवसर पर उनके साथ लादूराम पूनिया, आनंद बियाणी, नवीन केडिया, अमित सोनी, गोपाल कंबोज, सुरजीत भावदीन, डा. आजाद केलनिया, प्रदीप पूनिया, राजेश खत्री सहित अन्य कांग्रेस नेता व कार्यकत्र्ता उपस्थित थे।

Deepak Paul