माइनर टूटने से 2 गांवों की फसल बर्बाद

1/24/2019 1:02:43 PM

डबवाली (संदीप): सिंचाई विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के चलते आज डबवाली माइनर 2 माह में दूसरी बार टूट गई। बुधवार सुबह नहर टूटने के बाद किसानों ने कड़ी मशक्कत से नहर को जे.सी.बी. की मदद से पाटने का काम किया। इसके कुछ घंटों बाद बुधवार शाम होते-होते एक बाद फिर यह नहर टूट गई। दिन में दूसरी बार टूटी हुई नहर को पाटने का काम किसानों ने अपने दम पर ही किया। सिंचाई विभाग व प्रशासन की तरफ से सहयोग नहीं मिलने पर किसानों में गहरा रोष देखने को मिला।

नहर टूटने से गांव जोगेवाला व गांव डबवाली के कई किसानों की सैंकड़ों एकड़ गेहंू की फसल बर्बाद हो गई। किसानों ने आरोप लगाया कि फसल में पानी भर जाने से हुए नुक्सान की गिरदावरी करने या जायजा लेने प्रशासन की तरफ से काई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। अधिकारियों के उदासीन रवैये के प्रति किसानों ने रोष भी प्रकट किया। किसानों के मुताबिक डबवाली माइनर आज जिस जगह से टूटी है ठीक इसी जगह से 2 माह पहले भी टूटी थी। उस समय भी सिंचाई विभाग के अधिकारियों की उदासीनता का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ा था।

किसानों ने आरोप लगाया कि 2 माह पूर्व भी नहर को पाटने का काम किसानों ने अपने संसाधनों के दम पर किया था। सिंचाई विभाग के अधिकारी तो सूचना देने के कई घंटों बाद मौके पर पहुंचे। इस बार भी सिंचाई विभाग के अधिकारी कई घंटों बाद मौके पर पहुंचे। किसानों ने खुद जे.सी.बी. की मदद से नहर को पाटने का काम किया। किसानों ने आरोप लगाया कि बार-बार सिंचाई विभाग के अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद नहर की मुरम्मत ठीक ढंग से नहीं की गई जिसका खमियाजा आज किसानों को भुगतना पड़ा। अगर विभाग समय रहते नहर की मुरम्मत करवा देता तो शायद आज उनकी सैंकड़ों एकड़ गेहूं  की फसल में पानी न भरता।

 बरसात व नहर टूटने से हुए जलभराव के कारण गेहंू की खड़ी फसल आने वाले 2 से 4 दिनों में गलनी शुरू हो जाएगी। नहर टूटने से जोगेवाला के किसान जोगेंद्र सिंह की 15 एकड़, काला सिंह की 5 एकड़, जसविंद्र सिंह 20 एकड़, जगसीर सिंह की 7 एकड़, जगमेल सिंह 20 एकड़ गेहंू की फसल में जलभराव के अलावा भी जोगेवाला व गांव डबवाली के कई अन्य किसानों की सैंकड़ों एकड़ गेहंू के खेत पानी से लबालब भर गए। 

Deepak Paul