Pics: गुरमीत राम रहीम को MSG-2 फिल्म पर मिला दादा साहेब फाल्के अवार्ड

4/25/2016 3:39:15 PM

सिरसा (सतनाम सिंह): डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह इन्सां को फिल्म एम.एस.जी-2 में उत्कृष्ट अभिनय, निर्देशन व लेखन के लिए बेस्ट एक्टर, डायरेक्टर एवं राइटर तीनों श्रेणियों में दादा साहेब फाल्के फिल्म फाउंडेशन अवार्ड से नवाजा गया है। 

 

जुहू मुंबई के टूलिप स्टार होटल में आयोजित दादा साहेब फाल्के फिल्म फाउंडेशनस समारोह में संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह इन्सां ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।  भव्य समारोह में दादा साहेब फाल्के फिल्म फाउंडेशनस के चेयरमैन अश्फॉक खॉपेकर व फाउंडेशन के सदस्यों द्वारा संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह इन्सां को यह अवार्ड दिया गया। इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध निर्देशक मधु भण्डारकर, बप्पी लहरी, मनोज वाजपेई, प्रियंका चोपड़ा को भी विभिन्न श्रेणियों में अवार्ड मिले।

 

गुरमीत राम रहीम सिंह इन्सां ने शाह सतनाम जी धाम में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य समाज को मानवता से जोड़ने का है। वो चाहे सत्संग के माध्यम से हो या फिर फिल्म के माध्यम से।

 

पत्रकारों द्वारा फिल्म इंडस्ट्री को मैसेज के लिए पूछे गए सवाल पर बताया कि जरूरी नहीं कि फिल्मों में गंदगी ही दिखाई जाए, बल्कि फिल्मों में समाज सुधार के संदेश देकर भी कामयाबी हासिल की जा सकती है, जिसका प्रमाण हमें मिला दादा साहेब फाल्के अवार्ड है। उन्होंने अन्य कलाकारों से भी आह्वान किया कि वे समाज को बदलने वाली ही फिल्में बनाएं।