"आपराधिक घटनाओं से हरियाणा शर्मसार'

12/30/2017 3:48:01 PM

सिरसा(ब्यूरो):बहुजन समाज पार्टी की जिलास्तरीय समीक्षा बैठक शुक्रवार को जनता भवन में आयोजित की गई जिसमें बसपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी राजवीर सिंह मुख्यातिथि के तौर पर उपस्थित हुए। बैठक में नेतराम, प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती, उपाध्यक्ष नरेंद्र वर्मा उपस्थित हुए, वहीं विशिष्ट अतिथि प्रदेश महासचिव कृष्ण जमालपुर व जोन प्रभारी सुरेंद्र पंघाल थे। कार्यक्रम की शुरूआत संविधान निर्माता बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेदकर व बसपा संस्थापक साहब कांशीराम के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर की गई। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती ने कहा कि भाजपा धर्मनिरपेक्षता का उल्लंघन करते हुए आरक्षण, जाति-पाति और क्षेत्रवाद के नाम पर साम्प्रदायिकता फैला रही है। 

हरियाणा में 3 साल की भाजपा सरकार ने 3 बार प्रदेश को दंगों में झोंककर सेना के हवाले किया है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में बिगड़ी कानून व्यवस्था से बढ़ती लूट, हत्याओं, रेप व अन्य आपराधिक घटनाओं से हरियाणा शर्मसार है। भाजपा सरकार प्रशासनिक अधिकारियों को चिंतन के बहाने प्रदेश से बाहर ले जाकर आर.एस.एस. का कैडर देने में लगी है जिससे प्रशासन नकारा बन गया है। बसपा प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती ने कहा कि यह घोटालों और घपलों की सरकार साबित हुई है। सड़कें, बिजली, पानी, रोजगार आदि पर भ्रष्टाचार व्याप्त है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जनता इनकी साइकिल और रथ को रोके और बसपा के हाथी को दौड़ाए। 

उन्होंने कहा कि बसपा हरियाणा की खुशहाली के लिए सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय की नीति पर काम करेगी क्योंकि भाजपा की गलत नीतियों नोटबंदी, जी.एस.टी. और महंगाई ने लोगों को खून के आंसू रोने के लिए मजबूर किया है। इस अवसर पर जोन प्रभारी मूलचंद राठी, गुरदीप सिंह कम्बोज, जिला प्रभारी लीलूराम आसाखेड़ा, जिलाध्यक्ष रविंद्र बाल्याण, उपाध्यक्ष अमरीक सिंह मौजूखेड़ा, जिला महासचिव भूषण बरोड़, रामभगत, पुष्पेंद्र शास्त्री, लीलाकृष्ण, पन्नालाल, राजकुमार, बुल्लेशाह, रत्न ठेकेदार, सतपाल गौड़, बाबूलाल, संदीप दारेवाला, विक्रम इंदौरा, धर्मपाल किशनपुरा, सुरजीत नीमला, सुभाष नम्बरदार व छोटूराम गंगा सहित अन्य कार्यकत्र्ता मौजूद थे।

ई.वी.एम. में गड़बड़ी से सत्ता हथियाई : सिंह
बैठक में पार्टी संगठन की समीक्षा करने के उपरांत बसपा प्रभारी राजवीर सिंह ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सदैव आरक्षण विरोधी बयान देने वाले अब सीधे संविधान पर प्रहार करने लगे हैं। ई.वी.एम. में गड़बड़ी से सत्ता हथियाकर भाजपा घमंड में आ गई है। नेतराम ने कहा कि भारत रत्न बाबा साहब भीमराव अम्बेदकर ने जो जिंदा संविधान बनाया है वह सवा सौ करोड़ लोगों की भावना है और भाजपा लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि पी.एम. मोदी को तुरंत केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े के वक्तव्य पर स्पष्टीकरण देते हुए देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। साथ ही हेगड़े को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करना चाहिए।