रावी- ब्यास नदी का पानी अपने हिस्से लेकर रहेंगे: खट्टर

8/16/2016 10:06:50 AM

सिरसा: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि राज्य सरकार सतलुज-यमुना लिंक नहर को पूरा करने तथा रावी-ब्यास का हरियाणा के वैध हिस्से का पानी लेने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

खट्टर आज सिरसा के शहीद भगत सिंह स्टेडियम में 70वें स्वतत्रंता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण के बाद उपस्थित जनों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेशवासियों को बधाई दी और उपस्थित स्वतत्रंता सेनानियों के परिजनों का स्वागत तथा अभिनन्दन किया।

 

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने एक दशक से भी अधिक समय से लंबित प्रेजीडेंशियल रेफरैंस की पैरवी की है और उच्चतम न्यायालय में 29 फरवरी से 12 मई तक नियमित सुनवाई हुई। न्यायालय ने अपना निर्णय सुरक्षित रखा हुआ है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि स्वर्ण जयंती वर्ष को सर्व हरियाणा तथा पर्व हरियाणा के रुप में वर्ष भर चलने वाले कार्यक्रमों को उत्सव श्रंखला के रुप में मनाएं। स्वर्ण जयंती वर्ष मेंप्रदेश की संस्कृति समृद्धि, गौरवशाली विरासत से लोगों को रु-ब-रु कराने के कार्यक्रम चलाए जाएंगे और इसके लिए स्वर्ण जयंती नाम से नई योजना क्रियान्वित की जाएगी जिसके लिए 1657 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान किया गया है।

 

उन्होंने कहा कि देशभक्तों के त्याग तप और बलिदान की कीमत पर अमूल्य आजादी मिली थी। यह वर्ष आजादी का 70वां वर्ष होने के साथ-साथ ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ का 75वां वर्ष भी है। हरियाणा एक नवंबर से हरियाणा अपने गठन के 50वें वर्ष में प्रवेश करेगा और 31 अक्तूबर 2017 तक पूरे वर्ष स्वर्ण जयंती वर्ष के कार्यक्रम आयोजित किये  जाएंगे। 

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि हम शहीदों का कर्ज तो नहीं चुका सकते लेकिन उनके परिवारों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं सरकार चला रही है। रक्षा कर्मियों की अनुग्रह राशि 20 लाख रुपए से बढ़ाकर 50 लाख रुपए की गई है1भविष्य में स्वतत्रंता सेनानियों तथा आजाद हिंद फौज के सदस्यों की प्रथम पीढ़ी के उत्तराधिकारियों को भी राष्ट्रीय एवं राजकीय पर्वो पर आमंत्रित किया जाएगा।