फेसबुक पर हुआ लव, लड़की फ्रैंड से मिलने पंहुची सिरसा

11/17/2017 12:26:26 PM

सिरसा(कौशिक):करनाल जिले की रहने वाली नाबालिगा अपने मित्र से मिलने के लिए सिरसा आ पहुंची। दोनों की दोस्ती सोशल नैटवर्किंग साइट फेसबुक पर परवान चढ़ी। इसकी भनक नाबालिगा के परिवारवालों को लग गई। परिवारवाले कोई कदम उठाते इससे पहले लड़की अपने दोस्त से मिलने के लिए घर से चली गई। सिरसा रेलवे स्टेशन पर लड़की को फतेहाबाद निवासी उसका दोस्त लेने आ गया। लड़के ने शहर सिरसा में रहने वाली अपनी आंटी के घर लड़की को आश्रय दिलवा दिया। लड़की के परिजनों ने राजकीय रेलवे पुलिस में लड़के के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया। पुलिस ने मामले की तफ्तीश करते हुए लड़की को लड़के की आंटी के घर से सकुशल बरामद कर लिया है। 
 

लड़के की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले के अनुसार करनाल के मंगलोरा की रहने वाली 17 वर्षीय नाबालिग की फतेहाबाद के गांव शहीदांवाली निवासी राहुल के साथ फेसबुक पर दोस्ती हो गई। राहुल ने लड़की को अपना परिचय एक डाक्टर के रूप में दिया। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई और बातें फोन पर होने लगी। इसके बाद फेसबुक मित्र राहुल ने उसे मिलने के लिए सिरसा बुला लिया। लड़की रेलगाड़ी से सिरसा पहुंची। लड़की को उसके दोस्त राहुल ने सिरसा में किसी जगह पर काम दिलवाने के बहाने से बुला लिया और कहा कि जब वह बालिग हो जाएगी तो उससे शादी कर लेगा। गत 12 नवम्बर को लड़की राहुल से मिलने सिरसा रेलवे स्टेशन पर पहुंची। 

यहां से राहुल उसे स्थानीय प्रीत नगर में रहने वाली अपनी आंटी के यहां ले गया। इसी बीच लड़की के परिजनों को पूरे मामले का पता चल गया। उन्होंने सिरसा पहुंचकर रेलवे थाने में राहुल के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी। लड़की की मां सुनीता के बयान पर जी.आर.पी. ने राहुल के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया। दोनों के मोबाइल की लोकेशन निकाली गई। तफ्तीश के दौरान पुलिस को यह पुख्ता हो गया कि नाबालिग प्रीतनगर में ही है। पुलिस ने लड़की को राहुल की आंटी के घर से बरामद कर लिया। मामले के जांच अधिकारी सकत्तर सिंह ने बताया कि लड़की के मैडीकल में दुष्कर्म की कोई बात सामने नहीं आई है। लड़की के 164 के बयान करवाए जाएंगे।