फर्जी फर्मों के सरगना महेश बंसल का गिरफ्तारी वारंट जारी

5/17/2018 12:03:52 PM

सिरसा(ब्यूरो): फर्जी फर्माें का किंगपिन महेश बंसल बेशक पुलिस के साथ इन दिनों आंख-मिचौली का खेल खेल रहा है मगर कानूनी रूप से उस पर शिकंजा कसता ही जा रहा है। पुलिस ने महेश बंसल के खिलाफ बुधवार को अदालत से गिरफ्तारी के वारंट जारी करवा लिए हैं। उधर, पुलिस की ओर से उसके सभी बैंकों के खातों का रिकार्ड भी खंगाला जा रहा है। फर्जी फर्माें  के गोरखधंधे की परतें तब उधडऩी शुरू हुईं जब पुलिस ने भावदीन टोल पर कार सवार महेश बंसल से 1 करोड़ 10 लाख की नकदी बरामद की। पुलिस ने इस मामले में मुख्यारोपी महेश बंसल को बनाते हुए उसके खिलाफ 3 अलग-अलग मुकद्दमे दर्ज किए। बंसल के साथ उसके काले धंधे में शामिल उसके भतीजे प्रमोद बंसल, गांव सोतर भट्ठू निवासी रविंद्र सहित अन्य को आरोपी बनाया गया।

 रविंद्र ही वह शख्स है जो भोले भाले लोगों को जाल में फांसता था। लोगों को लालच दिया जाता था कि उन्हें हर महीने घर बैठे अच्छी खासी रकम मिलेगी। बदले में सिर्फ उनके नाम से एक फर्म बनाई जाएगी। लोग रविंद्र की बातों में आ जाते थे और चंद पैसों के चक्कर में अपने सारे जरूरी कागजात उसे थमा देते थे। भोले भाले लोगों को फांसकर फर्जी फर्में खड़ी की जाती थी और यह सब महेश बंसल के कहने पर हो रहा था। 

पुलिस के आई.जी. स्टाफ ने मामले की गहराई में जाने के बाद ऐसे 2 लोगों को ढूंढा जो बंसल व उसके चम्मचों के लिए अपने नाम से फर्जी फर्म खुलवा बैठे थे। तीसरा केस पुलिस की खुद की तफ्तीश के आधार पर दर्ज किया। तीनों मामलों के मुख्यारोपी महेश बंसल की तलाश में पुलिस ने काफी छापेमारी की लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है। उसका साथी रविंद्र कुछ दिन पहले आई.जी. स्टाफ के हत्थे चढ़ गया। 

उसे 5 दिन के रिमांड पर लिया गया। रिमांड में रविंद्र ने शहर के पूर्व पार्षद कृष्ण सिंगला के पुत्र अनुपम सिंगला का नाम उगलते हुए कहा कि फर्जी फर्मों के धंधे में अनुपम सिंगला की भी सहभागिता है। लिहाजा, पुलिस ने मामले में अनुपम सिंगला को भी आरोपी बना लिया है। अनुपम सिंगला की अनाज मंडी में आढ़त की दुकान है। आई.जी. स्टाफ ने रविंद्र की 5 दिनी रिमांड अवधि पूरी होने के बाद उसे अदालत में पेश कर दूसरे मामले में फिर से 3 दिन के रिमांड पर लिया। बुधवार को रिमांड का दूसरा दिन था। 


फर्जी फर्माें  के काले कारोबार की तह तक पहुंचने के लिए आई.जी. स्टाफ की टीम रविंद्र से लगातार पूछताछ में जुटी हुई है। स्टाफ इंचार्ज जंगीर सिंह ने बताया कि रिमांड पर लिए गए रविंद्र ने कई अहम खुलासे किए हैं। इसके तहत जहां उसने पूर्व पार्षद के बेटे अनुपम सिंगला के बारे में जानकारी दी है, वहीं यह भी बताया है कि इस गोरखधंधे का सारा पैसा निजी बैंकों के खातों के जरिए अदान-प्रदान किया जाता है। 

पुलिस की ओर से इन बैंकों का रिकार्ड मांगा गया है और वहीं तीनों मामलों में महेश बंसल की गिरफ्तारी के लिए बुधवार को सी.जी.एम. कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी करवा दिए गए हैं। जंगीर सिंह ने बताया कि महेश बंसल के साथ अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

Deepak Paul