शरारती तत्वों ने शहीद की प्रतिमा से छेड़छाड़, तोड़ी गन

11/14/2015 1:26:10 PM

सिरसा: जिला के गांव खेड़ी के शहीद हुए निहाल सिंह की प्रतिमा पर लगी गन को शरारती तत्वों ने क्षति पहुंचाई है। निहाल सिंह कारगिल युद्ध में शहीद हुए थे। निहाल सिंह की प्रतिमा से छेड़छाड़ किए जाने के बाद शहीद के परिजनों में रोष है।

21वीं बटालियन बी.एस.एफ. के जवान रहे शहीद निहाल सिंह गोदारा की प्रतिमा उनकी पत्नी रेशमा गोदारा ने लगाई थी। प्रतिमा पर करीब 2 लाख रुपए का खर्च हुआ था, जिसका अनावरण 2003 में बी.एस.एफ. के असिस्टैंट कमांडैंट ऑफिसर राम अवतार सिंह ने किया था।

मालूम हो कि निहाल सिंह गोदारा 1 नवम्बर, 1999 को कारगिल युद्ध में शहीद हुए थे। शहीद की पत्नी रेशमा गोदारा ने कहा कि शहीद निहाल सिंह की प्रतिमा के साथ लगी गन को किसी असामाजिक तत्व ने तोड़ दिया है।

इस घटना से उन्हें बहुत दुख है। उन्होंने जिला प्रशासन से निहाल सिंह की प्रतिमा से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मालूम हो कि 2 दिन पूर्व शहीद निहाल सिंह की पुण्यतिथि पर उनके परिजनों तथा ग्रामीणों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया था। यह घटना इसके बाद की है।