रोडवेज कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

5/29/2019 11:53:12 AM

सिरसा: प्रदेश सरकार द्वारा रोडवेज विभाग में आऊटसोर्स पॉलिसी के तहत नियुक्त किए गए कर्मचारियों को हटाए जाने के निर्णय के खिलाफ रोडवेज कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी की। संयुक्त कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मदनलाल खोथ की अगुवाई में कर्मचारियों ने आज बस अड्डा परिसर में नारेबाजी की।

रोडवेज कर्मचारियों ने 2 घंटे का सांकेतिक धरना भी दिया। धरनारत कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कर्मचारी नेता मदनलाल खोथ ने कहा कि वर्ष 2016 में नियुक्त किए गए आऊटसोर्स 450 चालक-परिचालकों को सरकार ने हटाने का कार्य किया है जोकि बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने सरकार से इन हटाए गए कर्मचारियों को बहाल किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार जानबूझकर टकराव की स्थिति बना रही है।

पहले रोडवेज को निजी हाथों में सौंपने की कोशिश की गई और अब आऊटसोर्स कर्मचारियों को हटाकर सरकार कर्मचारी विरोधी होने का प्रमाण दे रही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने अपने फैसले को वापस नहीं लिया तो कर्मचारी वर्ग बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा।
 

Isha