पत्रकार के सवाल पूछने के सलीके व तरीके पर मुख्यमंत्री के तेवर तल्ख

7/8/2018 3:54:31 PM

सिरसा(नवदीप): मुख्यमंत्री मनोहर लाल आज यहां के विश्रामगृह में पत्रकारों से बातचीत के दौरान तल्खी में आ गए। एक पत्रकार की ओर से सी.एम. विंडो को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने ऐतराज जाहिर कर दिया और पत्रकार के सवाल पूछने के तरीके और सलीके पर भी प्रश्न उठाया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने बीच में ही पत्रकारों से बातचीत बंद कर दी और बाद में मुख्यमंत्री के काफिले में शामिल कुछ सुरक्षा कर्मचारियों ने पत्रकारों के साथ धक्का-मुक्की भी की। 

दरअसल, मुख्यमंत्री शुक्रवार को सिरसा प्रवास पर थे और वे शुक्रवार रात यहां के विश्रामगृह में ही रुके। उन्होंने लोक निर्माण विश्रामगृह से ही शनिवार सुबह लगभग 27 करोड़ 70 लाख 48 हजार रुपए की लागत से निर्मित 5 जनपरियोजनाएं सिरसावासियों को समॢपत की। उन्होंने इसके अतिरिक्त 8 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनके निर्माण पर 57 करोड़ 69 लाख 32 हजार रुपए की राशि व्यय होगी। 

इसके उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में सत्तारुढ़ होते ही हमने पूरे प्रदेश के समान विकास का प्रारूप तैयार किया था और इसी के अनुरूप प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 तक घोषित विकास कार्यों में से 82 प्रतिशत विकास कार्य पूर्ण हो चुके हैं, शेष 18 प्रतिशत घोषणाओं के कार्य प्रगति पर हैं उन्हें भी शीघ्र पूरा कर दिया जाएगा।

 उन्होंने कहा कि कार्यकत्र्ता पार्टी की रीढ़ की हड्डी होते हैं तथा चाय पर चर्चा कार्यक्रम के दौरान उनसे क्षेत्र की विकास संबंधी बातों के अलावा संगठनात्मक व चुनाव के संबंध में भी विचार-विमर्श होता है। उन्होंने कहा कि लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सी.एम. विंडो में आवेदन कर सकते हैं और अब तक 4 लाख शिकायतें सी.एम. विंडो के माध्यम से प्राप्त हुई हैं, जो पिछली सरकारों की गलत नीतियों व अव्यवस्थित कार्य प्रणाली के कारण आई हैं। इसी बीच सी.एम. विंडो को लेकर एक पत्रकार की ओर से पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री के तेवर एकाएक बदल गए और उन्होंने पत्रकार को ही कहा कि वे सही तरीके से सवाल पूछें।

Deepak Paul