प्रशासन की नाक तले अंधाधुंध पेड़ काट रहे  हैं अवैध कालोनाइजर

9/21/2018 3:51:21 PM

सिरसा(माहेश्वरी): रामनगरिया में पैट्रोल पम्प के पीछे काटी गई अवैध कालोनी में हुई पेड़ों की कटाई मामले में वन विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग द्वारा गांव रंधावा निवासी भाल सिंह पुत्र सोहन सिंह का चालान किया गया है। वन विभाग के अधिकारी विनोद ने बताया कि जहां अवैध कालोनी काटी गई है, उसमें एक किला जमीन भाल सिंह के नाम पर है। जमीन पर उगी झाडिय़ा व नीम के पोल साइज पेड़ काटने के मामले में यह चालान किया गया है। 

भाल सिंह से चालान की करीब 70 हजार की राशि भरवाई गई है। विनोद ने बताया कि अन्य स्थानों पर भी इसी तरह पेड़ काटे जाने की सूचना मिली है। इसकी जांच की जा रही है। गौरतलब है कि सरकार, प्रशासन, संस्थाएं, युवा हरियाली को बढ़ावा देने के लिए जोर-शोर से अभियान छेड़े हुए हैं। आए दिन कहीं न कहीं पौधे रोपित किए जा रहे हैं और इनकी देखभाल का संकल्प लिया जा रहा है। मगर अवैध कालोनाइजर अपनी तिजोरियां नोटों से भरने के चक्कर में हरियाली का कत्ल करते जा रहे हैं।

 चिंतनीय बात यह है कि वन विभाग के अधिकारी भी इस दिशा में गंभीर नहीं। कार्रवाई के लिए तभी कदम बढ़ाते हैं, जब हाई लैवल तक शिकायत होती है। अपने स्तर पर विभागीय अधिकारी कुछ नहीं करते। दूसरी तरफ, नगर योजनाकार विभाग भी अवैध कालोनियों को लेकर उदासीन रवैया अपनाए हुए है। सब कुछ जानते-समझते हुए भी कालोनाइजरों के खिलाफ एक्शन नहीं लिया जाता। ऊपर से जब डंडा आता है, तभी अधिकारियों में हरकत होती है। फिर अवैध कालोनी में किए गए निर्माण पर बुलडोजर चलाया जाता है। 

थाने में कालोनाइजरों के खिलाफ केस दर्ज करवाए जाते हैं। ऊपरी आदेशों के बिना न तो वन विभाग और न ही नगर योजनाकार विभाग एक्शन मोड में आता है। रामनगरिया स्थित अवैध कालोनी में हरियाली की कटाई को लेकर वन विभाग ने अब जो कार्रवाई अमल में लाई है, वह भी ऊपरी आदेशों के चलते हुई है। अवैध कालोनियों की आड़ में पेड़ों की धड़ाधड़ की जा रही कटाई को लेकर वन विभाग कब मुहिम शुरू करता है अथवा सब कुछ ऐसे ही चलता रहेगा, यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा। 
 

Deepak Paul