कर्मचारी व मजदूरों ने सरकार के खिलाफ निकाली रैली

6/20/2019 12:25:41 PM

सिरसा: भारतीय मजदूर संघ हरियाणा के आह्वान पर भारतीय मजदूर संघ से संबन्धित यूनियनों व संगठनों ने टाऊन पार्क में कर्मचारी मजदूर रैली की जिसमें सैंकड़ों कर्मचारियों, मजदूरों ने संख्या में भाग लेकर भगवा झंडों के साथ प्रदर्शन किया और उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को अपना मांग-पत्र दिया। प्रदर्शन की अध्यक्षता भारतीय मजदूर संघ के जिला प्रधान तेलूराम लगुरिया ने की।

प्रदर्शनकारियों को हरियाणा राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश महासचिव एवं भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश मंत्री कृष्ण लाल गुर्जर, अनुबंधित बिजली कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री गुरप्रीत बराड़ ने सरकार पर वायदा खिलाफी व प्रदेश के कर्मचारी मजदूरों को आंदोलन के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन की मुख्य मांगे सातवें वेतन आयोग के अनुसार मकान, किराया भत्ता 01.01.2016 से लागू करना, पुरानी एक्सग्रेसिया नीति बहाल करने व सरकार द्वारा घोषित 55 वर्ष की शर्त को हटाया जाए।

न्यूनतम वेतनमान कम से कम 18000 प्रतिमाह दिया जाए। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का पे-बैंड 20200 तथा पे-बैंड 18000 दिया जाए। पुरानी पैंशन स्कीम लागू की जाए। सेवानिवृत्ति की अवधि दो साल बढ़ाई जाए तथा सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए। ग्रामीण ट्यूबवैल ऑप्रेटरों को न्यूनतम वेतन तथा सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जाए। जनस्वास्थ्य एवं सिंचाई विभाग में कार्यरत कर्मचारियों को टैक्नीकल वेतनमान दिया जाए। एजुसैट चौकीदार व पार्ट टाइम कर्मचारियों को भी न्यूनतम वेतनमान दिया जाए एवं पक्का किया जाए।


नगरपालिका व नगरनिगम में अनुबंध पर सफाई कर्मचारियों को पक्का किया जाए। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को भी इन्हीं की तरह वेतनमान दिए जाएं व 3 लाख रुपए का बीमा किया जाए। कम्प्यूटर प्रोफैशनल के सेवा नियम बनाकर सेवाएं नियमित की जाए। प्रदर्शन को संदीप कम्बोज प्रधान डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन, कम्प्यूटर प्रोफैशनल कर्मचारी संघ के प्रधान जुगल किशोर रणबीर, ग्रामीण कर्मचारी सफाई संघ से श्रीचंद प्रेम लक्खुआना, वैटर्नरी डिप्लोमा एसोसिएशन से महेन्द्र सिंह मनीष धीगड़ा, स्वास्थ्य कर्मचारी संघ से हितेश कुमार, हरियाणा पी.डब्ल्यू.डी. कर्मचारी संघ से हरिकिशन कुतिनिया, ललित गुर्जर, जमुना प्रसाद, बहाल सिंह, बलवीर, रामचंद्र, धमेन्द्र, बीरचंद भारतीय मजदूर संघ के जाजड़ा वरिष्ठ उप-प्रधान आदि ने संबोधित किया।      

Pooja Saini