गला ठीक करने के लिए 108 बार भारत माता की जय बोलें सिद्धू : विज

12/8/2018 3:34:43 PM

चंडीगढ़(पांडेय): स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा है कि पाकिस्तान और उसके प्रधानमंत्री इमरान खान का गुणगान करने से कांग्रेसी नेता नवजोत सिंह सिद्धू का गला खराब हो गया है। इसे ठीक करने के लिए उन्हें 108 बार भारत माता की जयकार करना होगा। विज ने खराब गले को ठीक करने का नुस्खा ट्वीट करते हुए कहा कि पाकिस्तान की प्रशंसा से सिद्धू का गला विषैला हो गया है जिसके असर को समाप्त करने के लिए भारत माता के चरणों में समर्पित और जय बोलनी होगी। 

उन्होंने कहा कि आजकल सिद्धू पाकिस्तान का भक्त बना हुआ है और जबसे पाकिस्तान जाने लगा है तभी से पाकमय हो चुका है। इसलिए उसे तथा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भारत माता के चरणों की वंदना कर प्रायश्चित करना चाहिए। मंत्री ने कहा कि जब से इमरान खान ने सिद्धू में हवा भरी है तभी से वह भारत भूमि की पवित्रता को भूल गए हैं और अनाप-शनाप ब्यानबाजी करने लगा है। यही नहीं सिद्धू अपने कैप्टन एवं पंजाब के मुख्यमंत्री तक की भी उपेक्षा करने लगे हैं।

Rakhi Yadav