पिस्तौल के बल पर कार चालक से लूटे 51,000 रुपए

12/1/2017 11:37:17 AM

सोनीपत(का.प्र.):बहालगढ़ रोड पर 3 बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर कार चालक से 51,000  रुपए की नकदी लूट ली। पीड़ित ने मामले की शिकायत सदर थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। धमकी के कारण पीड़ित ने दिल्ली पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। फरीदाबाद के आर्य नगर निवासी विष्णु ने पुलिस को बताया कि वह 25 नवम्बर को वह गांव बागडू कलां सफीदो स्थित स्कूल से अपने घर वापस फरीदाबाद जा रहा था। जब वह बहालगढ़ रोड पर पुल के पास पहुंचा तो इसी दौरान आई-20 कार सवार 3 युवकों ने उसकी कार के आगे अपनी कार अड़ा दी।

वह कुछ समझ पाता उससे पहले कार से 3 युवक नीचे उतरे व उसे पिस्टल दिखाकर काबू कर लिया। उन्होंने उसे कार से नीचे उतार दिया। उन्होंने उसकी जेब से 51,200 रुपए की नकदी छीन ली। साथ ही युवकों ने धमकी दी कि अगर यहां रुका तो गोली मार देंगे। जिस पर वह घबरा गया और वहां से दिल्ली की तरफ चला गया। दिल्ली बार्डर पर जाने के बाद उसने टोल प्लॉजा पर रुककर पुलिस को मामले से सूचित किया। उसके बाद वह घर चला गया। अब वह वापस आया और मामले से सदर थाना पुलिस को अवगत करवाया। सदर थाना पुलिस ने विष्णु के बयान पर अज्ञात के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस बदमाशों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। जांच अधिकारी ए.एस.आई रणबीर सिंह ने बताया कि कार चालक ने पिस्टल दिखाकर हजारों रुपए लूट की शिकायत दी है। जिस पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही बदमाशों का पता लगाकर उन्हें काबू किया जाएगा।