दलित किशोर को उत्पीड़ित करने के आरोपी गिरफ्तार

6/26/2019 12:31:09 PM

गोहाना  (अरोड़ा): दलित संगठनों के लगातार बढ़ रहे विक्षोभ के बीच शामड़ी गांव में दलित किशोर को उत्पीड़ित करने के आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से 2 आरोपी सगे भाई और नाबालिग हैं। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर दिया। पीड़ित दलित किशोर तुषार पुत्र नरेश मूलत: पानीपत के राजाखेड़ी गांव का है। यह किशोर शामड़ी गांव में अपने मामा के घर रह कर पढ़ रहा था। आरोप है कि कक्षा 10वीं की परीक्षा में गोहाना के परीक्षा केन्द्र पर उसकी गांव शामड़ी के ही लड़कों से कहासुनी हो गई।

उसी रंजिश में 5 आरोपियों ने चाकू के बल पर उसका अपहरण कर लिया, उससे बुरी तरह से मारपीट की तथा उसे जातिसूचक गालियां दीं। आरोप तो यह भी है कि दलित किशोर के मुंह में पेशाब भी किया गया। इस घटना की वीडियो क्लिप भी वायरल हो गई। गोहाना सदर थाने में पुलिस ने जो केस दर्ज किया, उसमें शामड़ी गांव के ही अजय पुत्र जसबीर, अंकित पुत्र राजेश और दीपक पुत्र राजबीर के साथ 2 सगे नाबालिग भाइयों-सन्नी और अंकुश पुत्रान सतीश को नामजद किया था। मामला प्रकाश में आने के बाद से बहुजन समाज पार्टी समेत विभिन्न दलित संगठन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।

ए.एस.पी. डा. अॢपत जैन के निर्देश पर डी.एस.पी. हंस राज ने पूरे मामले की जांच की तथा पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने नाबालिग आरोपियों को बाल सुधार गृह तथा बाकि आरोपियों को जेल में भेज दिया।

Isha