रक्षाबंधन : रोडवेज ने झोंकी पूरी ताकत, लम्बे रूटों की बसें रद्द

8/30/2015 2:09:56 AM

सोनीपत (विकास): रक्षाबंधन का त्यौहार और सरकार द्वारा महिलाओं को फ्री में यात्रा के तोहफे  के चलते बस अड्डे पर यात्रियों की भीड़ लगी रही। भीड़ को नियंत्रित करने व महिलाओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए रोडवेज को अपनी पूरी ताकत झोंकनी पड़ी और 200 से अधिक बसों को रोड पर उतारना पड़ा। वहीं, ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या भी काफी बढ़ गई। 

 
गौरतलब है कि शनिवार को रक्षाबंधन का त्यौहार उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही बहनें अपने भाई की कलाइयों पर राखी बांधने के लिए घरों से निकलने लगी थीं। सरकार द्वारा भी बसों में महिलाओं को फ्री यात्रा करने का तोहफा दिया गया था। ऐसे में सुबह से बस अड्डे परिसर में महिला यात्रियों की भीड़ जमा हो गई।
 
लम्बे रूटों की बसों को लगाया लोकल रूटों पर: भीड़ को नियंत्रित करने व यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए रोडवेज अधिकारियों ने जयपुर, शिमला, अमृतसर आदि लम्बे रूटों पर चलने वाली बसों को रद्द कर दिया। 
 
उक्त बसों को लोकल रूटों पर लगा दिया गया। यही नहीं जिस भी रूट पर भीड़ अधिक हुई, उन रूटों पर बसों की संख्या बढ़ा दी गई। यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पूछताछ केंद्र पर कर्मियों की संख्या भी बढ़ा दी गई। शहर में दोपहर तक बनी रही जाम जैसी स्थिति रक्षाबंधन के चलते बड़ी संख्या में लोगों ने एक से दूसरे स्थान तक पहुंचने के लिए निजी वाहनों का इस्तेमाल किया।
 
परिणामस्वरूप शहर की सड़कों पर जाम जैसी स्थिति बनी रही। गीता भवन चौक, रेलवे रोड, ककरोई चौक, गोहाना रोड आदि स्थानों पर से निकलने में 5 से 10 गुणा ज्यादा समय लगा। परिणामस्वरूप वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
 
क्या कहते हैं अधिकारी: जिला ट्रैफिक नियंत्रक अधिकारी रोहताश ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लम्बे रूट की बसों को लोकल रूटों पर चलाया गया है। दोपहर बाद हालात सामान्य हो गए थे।