सी.सी.टी.वी. पर स्प्रे छिड़क कर गैस कटर से काटा ए.टी.एम.

1/20/2019 11:27:25 AM

राई : बीसवां मील के पास गैस कटर से एक ए.टी.एम. को काटने का मामला सामने आया है। घटना को अंजाम देने से पहले चोरों ने सी.सी.टी.वी. पर स्पे्र कर दिया था। मामले की जानकारी पाकर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस मामले को लेकर कार्रवाई में जुटी हुई है। ए.टी.एम. से कितना कैश निकाला गया, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं लग पाई है। बैंक ने फिलहाल नकदी की जानकारी पुलिस को नहीं दी है। 

बता दें कि पुलिस को एक व्यक्ति के माध्यम से सूचना मिली की बीसवां मील के पास एक एक्सिस बैंक का ए.टी.एम. खुला पड़ा है बुरी तरह क्षतिग्रस्त है। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पुलिस टीम पहुंची। पुलिस ने बताया कि ए.टी.एम. को गैस कटर के माध्यम से काटा गया है। वारदात को अंजाम देने वाले अपराधी इतने शातिर थे कि उन्होंने सी.सी.टी.वी. कैमरे पर स्प्रे छिड़क दिया, ताकि सी.सी.टी.वी. में वारदात कैद न हो। इसके बाद ए.टी.एम. काटने की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना स्थल पर एक छोटा सिलैंडर भी पड़ा हुआ है। पुलिस का कहना है कि अभी बैंक की तरफ  से शिकायत मिलने के बाद ही नकदी का पता चल सकेगा। बहरहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जिस ए.टी.एम. को काटा गया है वहां पर चौकीदार की तैनाती नहीं थी। 

Deepak Paul