4 दिन से लापता युवक का नहर से मिला शव, शरीर पर चोट के निशान

5/12/2017 4:35:31 PM

गोहाना(सुनील जिंदल):4 दिन पहले लापता हुए गांव बुटाना के युवक का शव पुलिस ने बुटाना ब्रांच नहर से गांव सिवानामाल के निकट से बरामद किया। शव पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवा दिया। मृतक के परिजनों ने गांव के ही 2 लड़कों पर युवक की हत्या करके शव नहर में फैंकने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार गांव बुटाना निवासी विकास उर्फ विक्की (22) पुत्र जगबीर दिल्ली में एक प्राइवेट कम्पनी में नौकरी करता था। वह 7 मई को रविवार की छुट्टी होने के चलते गांव आया हुआ था। परिजनों का कहना है कि रविवार की शाम को विकास को गांव के ही दोस्त नवीन व राजेश बुला कर ले गए थे। इसके बाद विकास का लापता हो गया। सोमवार को बताया गया कि विकास गांव सिवानामाल के निकट बुटाना ब्रांच नहर में बह गया है। मंगलवार को गांव बुटाना के ग्रामीण डी.एस.पी.राजीव देशवाल से मिले और विकास की तलाश करने की मांग की। पुलिस ने गांव सिवानामाल के निकट से नहर से विकास के शव को बरामद किया। शव पर चोट के निशान भी मिले हैं। अब परिजनों ने आरोप लगाया है कि नवीन व राजेश ने विकास की हत्या करके शव को नहर में फैंका था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। उधर, शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवाया गया।

महेंद्र सिंह, प्रभारी बरोदा थाना ने कहा कि 4 दिन पहले विकास के परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। विकास का शव नहर से बरामद किया गया है। शव पर चोट के निशान हैं। अब परिजनों की शिकायत पर राजेश व नवीन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।