फर्जी दस्तावेजों से उम्र 6 साल कम दिखा हथिया ली नौकरी

3/21/2020 2:59:24 PM

गोहाना (अरोड़ा) : खानपुर कलां स्थित बी.पी.एस. राजकीय महिला मैडीकल कालेज के एक लेखाकार और एक स्कूल सचिव के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि लेखाकार ने फर्जी दस्तावेज तैयार करवाकर अपनी उम्र करीब 6 साल कम करवा ली थी और उन्हीं के आधार पर ज्वाइन किया। सोनीपत के एक व्यक्ति ने सी.एम. विंडो पर शिकायत दी थी। स्टेट विजीलैंस की रोहतक ब्रांच ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

सोनीपत में न्यू जीवन नगर निवासी सत्यनारायण ने वर्ष 2017 में सी.एम. विंडो पर शिकायत दी थी। उन्होंने शिकायत में मैडीकल कालेज के लेखाकार सतपाल के प्रमाण-पत्रों की जांच करने की मांग की थी। सत्यनारायण का आरोप था कि सतपाल ने अपने जन्म प्रमाण-पत्र में गड़बड़ी कर रखी है। उन्होंने सी.एम.ओ. कार्यालय से जानकारी जुटाई जिसमें सतपाल की जन्मतिथि वर्ष 1980 है। सतपाल ने वर्ष 2005 में 10वीं की थी जिसमें जन्मतिथि 4 मई, 1980 दर्शाई गई है।

वर्ष 2005 में ही राष्ट्रीय मुक्त विद्यालय शिक्षा संस्थान से 10वीं की गई। इसमें जन्मतिथि 3 मई, 1986 दर्शाई है। इन दस्तावेजों में पिता का नाम ठीक है लेकिन उनकी मां का नाम बदला हुआ है। एक ही परीक्षा 2 बार पास क्यों की, इसका जवाब अभी मिलना है। सी.एम. विंडो पर दर्ज शिकायत के आधार पर सरकार ने इस मामले की जांच स्टेट विजीलैंस को सौंप दी थी।

विजीलैंस ने जुलाई, 2019 में जांच पूरी करके अपनी रिपोर्ट मुख्यालय भेज दी थी जिसमें लेखाकार सतपाल और निहाल सिंह वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लहराड़ा के स्कूल सचिव जितेंद्र सरोहा के खिलाफ कार्रवाई करने की सिफारिश की गई थी। एक प्रमाण-पत्र स्कूल की तरफ से जारी किया गया था। अब इस मामले में स्टेट विजीलैंस रोहतक ने सतपाल और जितेंद्र सरोहा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायतकत्र्ता सत्यनारायण का कहना है कि आरोपी लेखाकार को बचाने के लिए कालेज के कुछ अधिकारी सहयोग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि कुछ भाजपा नेता भी अपना प्रभाव दिखाकर जांच को बाधित करने की कोशिश कर रहे हैं। सत्यनारायण ने इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Isha