भ्रूण लिंग जांच गिरोह का भंडाफोड़, दिल्ली के तीन लोग गिरफ्तार

12/25/2017 2:59:06 PM

सोनीपत: जिले के पी.एन.डी.टी. अधिकारी डा.आदर्श शर्मा की टीम ने दिल्ली में छापेमारी कर भ्रूण लिंग जांच करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। टीम ने दिल्ली के सरिता विहार स्थित नर्सिंग होम में चल रहे गोरखधंधे का भंडाफोड़ करते हुए डॉक्टर सहित एक महिला व अन्य काबू किया है। नर्सिंग होम में प्रयोग की जा रही अल्ट्रसाऊंड मशीन को सील कर दिया है। क्षेत्रीय थाने में तीनों के खिलाफ  केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने तीनों को काबू कर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

जिला पी.एन.डी.टी. एवं मलेरिया अधिकारी डा. आदर्श शर्मा ने बताया कि उन्हें दिल्ली के सरिता विहार स्थित राजधानी नर्सिग होम में अवैध रूप से लिंग जांच का धंधा चलाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद क्षेत्रीय पी.एन.डी.टी. अधिकारी से सम्पर्क कर टीम का गठन किया। टीम के गठन के बाद डिकाय (नकली) ग्राहक नर्सिंग होम में भेजा। जहां कार्यरत महिला व एक अन्य के साथ मिलकर 20,000 रुपए में सौदा तय किया गया। डिकाय ग्राहक को 20 हजार रुपए देकर भेजा गया। जहां मौजूद डाक्टर मनोज ने 10 हजार रुपए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को देकर बिचौलिए को देने के लिए भेजा। टीम ने उसी दौरान रेड करते हुए डा. मनोज, महिला कर्मचारी निशा व बिचौलिए मैडीकल स्टोर संचालक विजय को रंगे हाथों काबू कर लिया। टीम ले अल्ट्रासाऊंड मशीन को सील कर दिया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ क्षेत्रीय थाने में केस दर्ज किया है। आरोपियों को काबू कर लिया है। साथ ही सौदे के अनुसार तय हुई 10,000 रुपए की राशि को बरामद किया है। इसके अलावा पुलिस ने भी मामला दर्ज कर वहां मौजूद डॉक्टर, मैडीकल स्टोर संचालक व महिला को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।