सी.एम. की जनसभा की तैयारियों के लिए एस.डी.एम. ने दिए निर्देश

9/27/2016 4:55:47 PM

गन्नौर (का.प्र.): उपमंडल गन्नौर में प्रस्तावित मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जनसभा की तैयारियों के दृष्टिगत एस.डी.एम. निर्मल नागर ने सोमवार को अपने कार्यालय में उपमंडलीय अधिकारियों की बैठक ली। एस.डी.एम. नागर ने पुलिस एवं विभागीय अधिकारियों से गन्नौर में विकास कार्यों के संदर्भ में विचार-विमर्श किया। उन्होंने चर्चा की कि गन्नौर के विकास को नए आयाम देने के लिए कौन सी मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की जा सकती हैं जिसका लाभ क्षेत्र के लोगों को मिले। 


गन्नौर की नई अनाज मंडी में 8 अक्तूबर को मुख्यमंत्री मनोहर लाल की बैठक प्रस्तावित है, जिसके आयोजन की तैयारियों के लिए पुलिस एवं विभागीय अधिकारियों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए एस.डी.एम. निर्मल नागर ने सभी विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने एक-एक करके सभी विभागाध्यक्षों से उनके विभाग के संदर्भ में चर्चा की। इस मौके पर डी.एस.पी. ओमप्रकाश, तहसीलदार हरिओम अत्री, एस.डी.ओ. पंकज गौड़, मार्कीट कमेटी के सचिव संजीव कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी उर्मिल ग्रेवाल, खंड मौलिक शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र कुमार, मुख्याध्यापक खेमकरण शर्मा, एस.डी.ओ. दर्शन सिंह आदि मौजूद थे।