लुटेरों ने ATM में डिवाइस लगाकर उड़ाए हजारों रुपए, पुलिस जांच में जुटी (Watch Pics)

9/30/2016 1:15:37 PM

सोनीपत (पवन राठी): हरियाणा में आए दिन लूट के मामले सामने आ रहे हैं। एक ऐसा ही मामला सोनीपत का है, जहां लुटेरों ने लूट का एक ऐसा तरीका अपनाया है जिसे समझने में पुलिस की समझ भी जवाब दे रही है।

 

दरअसल सोनीपत में ओ.बी.सी. बैंक के ग्राहक को ऐसा चुना लगा कि सुन कर सभी के होश उड़ गए। मिशन चौक पर लगे ए.टी.एम. मशीन पर 3 शातिर बदमाशों ने पहले तो कोई डिवाइस लगाकर ए.टी.एम. का इस्तेमाल करने वाले एक शख्स के कार्ड की सारी जानकारी चुरा ली। उसके बाद फर्जी कार्ड बनाकर यू.पी. के गाजियाबाद में एक दूसरे ए.टी.एम. में इस कार्ड के जरिए करीब 35 हजार रुपए दीपक नाम के शख्स के खाते से निकलवा लिए। जब पैसे निकलवाए तो उसके नम्बर पर मैसेज आया और उसने इसकी शिकायत पुलिस और बैंक में की।

 

ए.टी.एम. मशीन में डिवाइस लगा रहे 3 बदमाशों की वारदात सी.सी.टी.वी. में कैद हो गई हैं। तीनों बदमाशों ने अपने चहरे कैप से छिपाए हुए थे। पुलिस ने बैंक से इन बदमाशों के फिंगर प्रिंट भी उठवाए हैं। इन बदमाशों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। इस मामले की जांच कर रहे डी.एस.पी. मुकेश जाखड़ ने बताया कि मामले की एफ.आई.आर. दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।