धोखाधड़ी के आरोपों से परेशान हैफेड कर्मी ने की आत्महत्या

5/21/2017 1:06:29 PM

सोनीपत:करनाल में नौकरी करने वाले मुरथल निवासी एक युवक ने जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। बताया गया है कि युवक खुद पर लगे धोखाधड़ी के आरोपों से परेशान था। सुभाष (33) पुत्र सूरजभान निवासी मुरथल करनाल में हैफेड कर्मचारी के तौर पर तैनात था। गत रात करीब 9 बजे वह सोनीपत में शनि मंदिर के पास किसी काम से आया था। यहां उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। लोगों ने उसे ऐसी हालत में देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसे सिविल अस्पताल में पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए शवविछेदन गृह में रखवा दिया। 

वहीं, अस्पताल में पहुंचे युवक के परिजनों ने बताया कि सुभाष को करनाल में उसके साथी युवकों द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था। उस पर कई प्रकार के आरोप लगाए गए थे। इन आरोपों में सुभाष ने अदालत में अग्रिम जमानत की याचिका लगाई थी, जो शनिवार को खारिज हो गई। इसी कारण परेशान होकर सुभाष ने आत्महत्या की है। युवक के परिजनों ने मामले में न्याय की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही मामले की सच्चाई का पता चल सकेगा।