तंवर की बर्थ डे पार्टी भी अछूती नहीं रही गुटबाजी से

2/12/2016 5:23:17 PM

सोनीपत,(पवन राठी) : कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने शुक्रवार को यहां अपने समर्थकों के साथ जन्मदिन मनाय़ा गया। उन्होंने बकायदा केक काटा और समर्थकों ने उन्हें शुभकामनाएं दी, लेकिन तंवर की बर्थ डे पार्टी भी गुटबाजी से दूर नहीं रह पाई। हुड्डा खेमे के नेता उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देने नहीं पहुंचे।

हालांकि इस कार्यक्रम में तंवर को उस वक्त एक नई ताकत मिली जब खरखौदा हलके से 2014 का विधानसभा चुनाव लड़ने वाले पवन कांग्रेस में शामिल हो गए। पवन खरखौदा ने कांग्रेस के जयवीर बाल्मिकी के खिलाफ चुनाव लड़ा था और वह 24 हजार वोटों के साथ दूसरे नंबर पर रहे थे। अब वे कांग्रेस में शामिल हो गए हैं,लेकिन उनके स्वागत के लिए इलाके के कांग्रेस विधायक जयवीर वाल्मिकी नहीं पहुंचे। तंवर से इस गुटबाजी के बारे में सवाल किया गया तो वे कन्नी काट गए।

अशोक तंवर ने एक दिन पहले हुड्डा के गृह जिले रोहतक में भी कार्यक्रम किया था और दो नेताओं को कांग्रेस में शामिल करवाया था। इससे साफ है कि तंवर अब हुड्डा के गढ़ में भी अपनी जड़ें मजबूत करना चाहते हैंं।