जाति विशेष की छात्राओं को जानबूझ कर किया गया फेल : दहिया

1/19/2019 11:15:03 AM

गोहाना (अरोड़ा): बी.पी.एस. राजकीय महिला मैडीकल कालेज में एक जाति विशेष की एम.बी.बी.एस. की छात्राओं को जानबूझ कर फेल कर दिया गया है। शुक्रवार को यह आरोप राष्ट्रीय किसान संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. राजेश दहिया ने लगाया। डा. दहिया नई अनाजमंडी स्थित किसान विश्रामगृह में आयोजित कार्यकारिणी की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने पूरे प्र्रकरण की उच्चस्तरीय जांच करवाने, पीड़ित छात्राओं को पास करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की।

डा. राजेश दहिया ने कहा कि महिला मैडीकल कालेज में एम.बी.बी.एस. की परीक्षा में जातिवाद का नंगा नाच किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रैक्टिकल परीक्षा में जाति विशेष की छात्राओं को इस बदनीयत से कम अंक दिए गए कि वे फेल हो जाएं। जिन छात्राओं के थ्योरी में अच्छे अंक थे, उन्हें प्रैक्टिकल में उतने अंक नहीं दिए गए जितना उनका हक बनता है। इस भेदभाव की तसदीक थ्योरी और प्रैक्टिकल के अंकों से आसानी से की जा सकती है। यह भेदभाव एक जाति विशेष की छात्राओं से ही किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पी.एम. नरेन्द्र मोदी, सी.एम. मनोहर लाल, महिला आयोग की चेयरपर्सन प्रतिभा सुमन से मांग की कि पूरे विवाद की उच्च स्तर पर जांच करवाई जाए तथा दोषी कोई भी मिले, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए पीड़ित छात्राओं को न्याय दिया जाए। इस अवसर पर महेन्द्र मोर, बलजीत, संदीप, कृष्ण व सतीश हुड्डïा आदि भी उपस्थित रहे।

Deepak Paul