पति से लड़कर मायके गई पत्नी का गर्भपात

5/23/2019 11:34:38 AM

गोहान (अरोड़ा): पति से झगड़ कर मायके में गई 4 महीने की गर्भवती का गर्भपात करवा दिया गया। अब पति ने अपनी पत्नी, उसके पिता, भाई और 2 बुआ के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर  रही है। गन्नौर के हरि नगर निवासी रिंकू की शादी गोहाना के जसराणा गांव की मोनिका पुत्री संजय के साथ हुई। रिंकू का आरोप है कि मोनिका घर के काम समय पर नहीं करती थी।
 इसी बात को लेकर पति-पत्नी में झगड़ा हो गया तथा मोनिका लड़ कर अपने मायके जसराणा गांव में चली गई।

ससुराल से मोनिका को अपने साथ उसका पिता संजय और भाई सोनू ले कर गए।
रिंकू का कहना है कि जब मोनिका मायके में गई थी, तब वह गर्भ से थी। उसके अनुसार मोनिका उस समय 4 महीने की गर्भवती थी। उसका आरोप है कि मोनिका को संजय और सोनू उसकी बुआ रोशनी और रानी के पास ले कर गए तथा उसका उसी की मर्जी से गर्भपात करवा दिया गया। पति रिंकू की शिकायत पर मोनिका, उसके पिता संजय, भाई सोनू तथा 2 बुआ-रोशनी और रानी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। यह केस गोहाना सदर थाने में दर्ज हुआ है। 

गर्भपात कहां करवाया गया तथा तब मोनिका कितने समय की गर्भवती थी, इसकी जांच की जा रही है। पति के बयान पर पत्नी, उसके भाई, पिता और 2 बुआ के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
-समुद्र सिंह, जांच अधिकारी,     गोहाना सदर थाना

Isha