कलयुगी मां ने 7 घंटे पहले जन्मे नवजात को फेंका, लेकिन अभी भी चल रही सांसे

8/10/2017 4:28:56 PM

सोनीपत(पवन राठी):सोनीपत में इंसानियत को शर्मशार करने का मामला सामने आया, जहा एक मां-बाप ने अपने कुछ घंटे पहले जन्मे नवजात शिशु को गांव प्रीतमपुरा के पास अंसल प्लाजा स्थित खाली प्लाट में रेत के ढेर पर छोड़ दिया। पशुओं को लेकर खेत जा रही एक महिला ने बच्चे के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीणों व पुलिस को अवगत कराया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चे को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़कालासा में भर्ती कराया। जहां से उसे पहले सामान्य अस्पताल व बाद में पी.जी.आई. रोहतक रैफर किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 

जानकारी के अनुसार गांव बढ़खालसा निवासी सीमा गत दिवस अपने पशु लेकर खेतों की तरफ जा रही थी। जब वह अंसल प्लाजा के पास पहुंची तो खाली प्लाट से बच्चे की रोने की आवाज सुनाई दी। महिला दीवार के पास गई तो रेत के ढेर पर एक बच्चा पड़ा रो रहा था। मामले की सूचना सीमा ने तुरंत ग्रामीणों को दी। ग्रामीण जयदीप नवजात बच्चे को इलाज के लिए तुरंत बढ़खालसा सी.एच.सी. लेकर पहुंचा। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। 

प्री-मैच्योर डिलीवरी से जन्मा बच्चा 
रेत के ढेर पर मिला नवजात लड़का है। चिकित्सकों की जांच में सामने आया है कि बच्चा प्री-मैच्योर डिलीवरी से हुआ है। वह 7 माह में ही पैदा हो गया। बताया गया है कि बच्चे का जन्म कुछ घंटे पहले ही हुआ है। 

सी.एच.सी. कर्मियों की लापरवाही आई सामने 
नवजात को पहले सी.एच.सी. बढ़खालसा में ले जाया गया था। जहां स्टाफ कर्मियों ने उसके शरीर से रेत तक साफ नहीं किया। आनन-फानन में उसे सामान्य अस्पताल में रैफर कर दिया। सामान्य अस्पताल में लाने के बाद चाइल्ड केयर यूनिट में नवजात के शरीर पर लगे रेत को साफ किया। शीशु के मुंह, आंखों, कान व शरीर पर रेत लगा था। चिकित्सकों ने अनुसार करीब 7 घंटे पहले बच्चे का जन्म हुआ है। चिकित्सकों ने सक्षम मशीन से बच्चे के मुंह से रेत निकाला और बाद में रोहतक रैफर कर दिया।बच्चे के शरीर पर अस्पताल में जन्म के बाद लगाया जाने वाला टैग भी मिला है। जिससे लगता है कि बच्चे का जन्म किसी अस्पताल में हुआ है। जन्म के बाद ही बच्चे का यहां छोड़ दिया गया। पुलिस अब अस्पतालों का रिकार्ड खंगाल रही है। 

थाना प्रभारी पवन कुमार ने कहा कि नवजात के मिलने की सूचना मिली थी। उसे अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। बच्चे के शरीर पर मिले टैग के आधार पर पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसका जन्म कहां हुआ है।