अब बैंक, फोन नम्बर और आधार से लिंक होगा पी.एफ. अकाऊंट

9/17/2018 10:57:40 AM

सोनीपत: पैंशन सहित विभिन्न कार्यों के लिए पी.एफ. कार्यालय के चक्कर काटने के लिए मजबूर पी.एफ. खाता धारकों के लिए राहत की खबर है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने अब बैंक अकाऊंट, फोन नम्बर और आधार कार्ड को पी.एफ. खाता धारकों के पी.एफ. अकाऊंट से अटैच करने की कवायद शुरू कर दी है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद पी.एफ. खाता धारक अपने फोन के माध्यम से ही हर प्रकार की डिटेल प्राप्त कर पाएंगे और पी.एफ. कार्यालय से संबंधित सभी प्रकार के कार्य स्पैशल एप के माध्यम से कर लिए जाएंगे।

 गौरतलब है कि कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार द्वारा उनका पी.एफ. अकाऊंट खोला जाता है। जिसके माध्यम से कर्मचारियों को कई प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध होती हैं। जिसके अंतर्गत एक निश्चित समय के बाद पैंशन, किसी दुर्घटना का शिकार होने पर मुआवजा, स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित सुविधाएं आदि शामिल हैं। उक्त सेवाओं को प्राप्त करने के लिए खाता धारकों को बार-बार कर्मचारी भविष्य निधि संगठन कार्यालय में जाना पड़ता था। ऐसे में खाता धारकों को इस प्रकार की परेशानी न झेलनी पड़े, इसके लिए विभाग ने पी.एफ. खाते के साथ आधार कार्ड, मोबाइल नम्बर और बैंक अकाऊंट को अटैच करने की कवायद शुरू कर दी है। 

जिले में 70 हजार खाता धारकों को पहुंचेगा फायदा 
योजना को सिरे चढ़ाने के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने वर्कशॉप लगाने का काम शुरू कर दिया है। एक माह के अंदर इस अभियान को पूरा कर लिया जाएगा। जिसके बाद जिले के लगभग 70 हजार पी.एफ. धारकों को फायदा पहुंचेगा। प्रत्येक खाता धारक से आधार कार्ड का नम्बर, फोन नम्बर व बैंक अकाऊंट नम्बर लेने के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन का कर्मचारी घर तक पहुंचेगा। स्पैशल एप के माध्यम से मौके पर ही तीनों दस्तावेजों को पी.एफ. अकाऊंट से अटैच कर दिया जाएगा। 

Deepak Paul