सी.एम. के ओ.एस.डी. भूपेश्वर दयाल के घर चोरी

5/1/2016 2:03:44 PM

सोनीपत: चोरों ने अशोक विहार में न्यू कोर्ट रोड पर मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी. भूपेश्वर दयाल गौड़ के मकान को निशाना बनाया है। चोरों ने भूपेश्वरदयाल के मकान से करीब 2 लाख की नकदी सहित सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ किया। सोनीपत में भूपेश्वरदयाल का मकान एस.पी. कार्यालय से महज 300 मीटर की दूरी पर है।

अशोक विहार कॉलोनी में रह रहे भूपेश्वर दयाल गौड़ के पिता अधिवक्ता रघुवर दयाल गौड़ ने बताया कि शनिवार को सुबह करीब पौने 5 बजे जब उन्होंने कमरे का दरवाजा खोलना चाहा लेकिन वह नहीं खुला तो उन्होंने बाथरूम के दरवाजे की तरफ से पड़ोसी को आवाज लगाई जिसके बाद पड़ोसी ने आकर बाहर का लॉक खोला।

उन्होंने देखा कि साथ के दूसरे कमरे में सामान बिखरा पड़ा है, इस पर उन्होंने 100 नम्बर पर फोन किया लेकिन जब कोई नहीं आया तो डी.एस.पी. हैडक्वार्टर को फोन किया। डी.एस.पी. कुछ ही देर में मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंची एफ.एस.एल. की टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए। मौके पर पहुंचे डी.आई.जी. आर.एस. दून ने मुआयना किया व चोरों के शीघ्र पकड़े जाने का दावा किया। थाना सिटी पुलिस प्रभारी प्रदीप ने मामला दर्जकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।