विकास नगर में सीवरेज व्यवस्था ठप्प, कालोनीवासी भड़के

7/18/2019 2:08:05 PM

सोनीपत (ब्यूरो): विकास नगर की गली-1 में सीवरेज व्यवस्था ठप्प होने से गंदा पानी भर गया है। यहां पर यह समस्या कई सालों से चली आ रही है। समय से सफाई न होने पर सीवरेज ओवरफ्लो हो जाते हैं। मुख्य गली होने के कारण गली में लोगों का आना-जाना लगा रहता है। सीवर का गंदा पानी गलियों में बहता है, जिस वजह से लोगों का जीना दूभर हो गया है।

गंदगी की बदबू से न घर में बैठा जाता है और न ही बच्चे-बुजुर्ग गली से निकल सकते हैं। गलियों में बिजली के खम्भे लगे हैं, जिनमें करंट आने का खतरा बना रहता है। क्षेत्रवासी प्रशासन से लेकर मंत्री कविता जैन व मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन से कई बार मिल चुके हैं लेकिन इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है। सफाई कर्मचारी भी नाम मात्र सफाई करके चले जाते हैं। समस्या से परेशान होकर बुधवार को क्षेत्रवासियों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। विकास नगर निवासी ओमप्रकाश, अनीता, नीतू व रामफल आदि ने बताया कि सीवरेज ओवरफ्लो से पूरी गली में गंदा पानी इक_ा हो रहा है। बार-बार सफाई कर्मचारियों को पैसे देकर सीवरेज को खुलवाया जाता है लेकिन इस ओवरफ्लो का पक्का इलाज नहीं हो पाया है।

कई साल से गंदा पानी ओवरफ्लो होकर गलियों में बहना जारी है। गंदे पानी की वजह से लोगों को जाने-जाने में दिक्कत होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। गंदगी की वजह से घरों में बहुत ज्यादा बदबू आती है और मलेरिया जैसी बीमारी फैलने का डर लगा रहता है। क्षेत्रवासियों ने कहा कि अगर जल्द ही प्रशासन ने समस्या का समाधान नहीं किया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। 

Isha