घर में पेड़ से लटका मिला ग्रामीण, जेब में सुसाइड नोट

3/19/2019 1:33:16 PM

गोहाना (अरोड़ा): गांव धनाना में एक व्यक्ति का शव मंगलवार को उसी के घर के आंगन में संदिग्ध परिस्थितियों में एक पेड़ पर रस्सी से लटका हुआ मिला। ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना बरोदा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। पुलिस को मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। मृतक ने सुसाइड नोट में अपनी पत्नी और लड़की से परेशान होकर आत्महत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक ग्रामीण प्रकाश (55) पुत्र उजाला राठी करीब 4 साल पहले गुरुग्राम स्थित एक प्राइवेट कम्पनी में काम करता था। उसकी पत्नी और 2 बच्चे गुरुग्राम में ही रहते हैं जबकि वह पिछले करीब अढ़ाई-3 साल से गांव में मकान बनाकर अपने परिवार से अकेला रह रहा था। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने प्रकाश का शव उसी के घर के आंगन में एक पेड़ पर संदिग्ध परिस्थितियों में रस्सी से लटका हुआ मिला। ग्रामीणों ने घटना की सूचना बरोदा थाना पुलिस को दी। 

पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को अपने कब्जे में लेकर गोहाना के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। पुलिस को मृतक की जेब से 1 मोबाइल फोन, 1 ए.टी.एम. कार्ड, कुछ रुपए और एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। सुसाइड नोट में मृतक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और लड़की पर उसे परेशान करने के कारण आत्महत्या करने का आरोप लगाया है। 

Deepak Paul