पत्नी व ससुराल पक्ष के लोगों से तंग आकर की आत्महत्या

1/29/2019 11:48:09 AM

राई: थाना राई पुलिस ने दो के खिलाफ  आत्महत्या के लिए विवश करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।गांव सेवली निवासी पवन ने बताया कि उसके भाई अशोक की शादी वर्ष 2013 में जागसी निवासी प्रियंका के साथ हुई। उसने आरोप लगाया कि अशोक पर उसके ससुराल पक्ष के लोग परेशान कर रहे थे। उसने आरोप लगाते हुए बताया कि महिला अशोक को परेशान करने के लिए बार-बार झूठे आरोप लगाती थी। महिला ने पुलिस में भी कई झूठी शिकायतें दी। अशोक को गोहाना रोड पर बुलाकर उसका अपमान किया गया।

आरोप लगाया कि करीब 3 दिन पहले उसकी पत्नी व युवक अशोक और सचिन उससे मिले थे। यहां पर उन्होंने अशोक से एक एकड़ जमीन व 50 लाख रुपए की डिमांड की। नहीं देने पर उसकी पत्नी ने दूसरे युवक के साथ शादी करने की धमकी दी। रविवार शाम को उसके भाई अशोक का उसके पास फोन आया कि उसकी पत्नी व ससुराल पक्ष के लोगों की प्रताडऩा से तंग आकर जान दे रहा है। जब वह बहालगढ़ पम्प पर पहुंचा तो उसने देखा कि उसके भाई ने जहरीला पदार्थ निगल लिया था। उसे तुरंत दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में लेकर गया। बाद में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस ने प्रशांत छिक्कारा व प्रियंका के खिलाफ  मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है। जांच के बाद सभी तथ्य सामने होंगे। 

Deepak Paul