महिला विश्वविद्यालय के गोद लिए 5 गांवों में किया सर्वेक्षण

5/24/2019 10:57:35 AM

गोहाना (अरोड़ा): भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा शुरू किए गए उन्नत भारत अभियान के तहत बृहस्पतिवार को गांव खानपुर कलां स्थित भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए 5 गांवों में सर्वे किया गया। इस अभियान के तहत सरकार का उद्देश्य सामाजिक और आॢथक परिवर्तन से गांवों को उन्नत बनाना है।  

मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा 20 अप्रैल 2018 को उन्नत भारत अभियान शुरू किया गया था। इस अभियान का उद्देश्य सामाजिक और आॢथक परिवर्तन से ग्रामीण भारत को उन्नत बनाना है। इस अभियान में 750 उच्च तकनीकी व गैर-तकनीकी शिक्षण संस्थान भाग ले रहे हैं। प्रत्येक शिक्षण संस्थान को कम से कम 5 गांवों से जोड़ा जाना है।अभियान की समन्वयक और महिला विश्वविद्यालय  के समाज कार्य विभाग की अध्यक्ष डा. मंजु पंवार के अनुसार इस कार्यक्रम के लिए भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय को भी चुना गया है।

वीरवार को इस अभियान के तहत विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग और शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान की छात्राओं और शिक्षकों ने विश्वविद्यालय  द्वारा गोद लिए गए 5 गांव कासंडा, कासंडी, गामड़ी, ककाना व गढ़ी उजाले खां में घर-घर जाकर सर्वे किया। सर्वे रिपोर्ट में पारिवारिक ब्यौरा, व्यावसायिक व ग्रामीण उद्योग, जैविक उत्पाद, जल प्रबंधन, मूलभूत सुविधाएं, प्रमुख समस्याएं, सामाधान, सरकारी योजनाओं का उपभोग और ऊर्जा के स्त्रोत का ब्यौरा दर्ज किया गया। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुषमा यादव ने इस नेक काम की सराहना की। 

Isha