घर-घर जाकर किए जाएंगे सभी नागरिकों के टैस्ट : विज

11/9/2017 2:39:10 PM

चंडीगढ़(ब्यूरो):स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा देश का ऐसा भी पहला राज्य होगा जहां प्रत्येक नागरिक के शरीर की स्क्रीनिंग की जाएगी, जिसके तहत सभी नागरिकों के घरों में जाकर 35-40 आवश्यक टैस्ट किए जाएंगे। इनका पूरा रिकार्ड स्वास्थ्य विभाग के पास उपलब्ध रहेगा। विज पंचकूला के सैक्टर-1 स्थित रैड बिशप में स्वास्थ्य विभाग द्वारा हैपेटाइटिस-सी पर आयोजित एक प्रशिक्षण कार्यशाला में बोल रहे थे। 

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं से सम्बंधित जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए माई स्टेट हैल्थ मोबाइल एप का शुभारंभ किया तथा हैपेटाइटिस-सी से सम्बंधित विस्तृत जानकारी बारे में स्टैंडर्ड ऑप्रेटिंग प्रोसीजर नामक पुस्तक का विमोचन भी किया। इस पुस्तक में हैपेटाइटिस-सी के उपचार की पूरी प्रक्रिया दी गई है, जिससे चिकित्सकों तथा मरीजों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि हैपेटाइटिस-सी (काला पीलिया) के सभी वर्गों के मरीजों का ओरल दवाई से नि:शुल्क उपचार करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य बना है, जिससे राज्य के लाखों मरीजों को लाभ मिलेगा। इसमें राज्य के सभी जिलों के हैपेटाइटिस-सी से सम्बंधित नोडल अधिकारियों, जिला निगरानी अधिकारियों सहित पी.जी.आई. रोहतक, टाटा ट्रस्ट तथा केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।