संगीत प्रतियोगिता में प्रथम आने वाले स्कूलों को मिलेंगे एक-एक लाख रुपए

1/17/2018 3:37:37 PM

चंडीगढ़(सनमीत):संगीत में रुचि रखने वाले सरकारी स्कूलों के छात्रों के लिए एक अच्छी खबर है। शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सरकारी स्कूलों में संगीत को बढ़ावा देने का फैसला लिया है। इसके लिए स्कूलों को संगीत वाद्ययंत्र और प्रतियोगिताओं के लिए फंड उपलब्ध करवाया जा रहा है। सर्वप्रथम हरियाणा में जिला स्तर पर अव्वल आने वाले 21 स्कूलों को एक-एक लाख रुपए दिए जाएंगे। इसमें स्कूल प्रिंसिपल 60 हजार रुपए के संगीत वाद्ययंत्र खरीद सकेंगे और बाकि 40 हजार रुपए संगीत एक्टीविटी पर खर्च किए जाएंगे। 

हालांकि शिक्षा विभाग इस पैसे को खर्च करने सम्बंधी गाइडलाइन बना रहा है। हरियाणा में अक्तूबर में जिला स्तरीय संगीत प्रतियोगिता आयोजित हुई थी और दिसम्बर में राज्य स्तरीय। राज्य स्तरीय संगीत प्रतियोगिता में गवर्नमैंट गर्ल्स सीनियर सैकेंडरी स्कूल मुरथल अड्डा की टीम विजय रही। दूसरी ओर हरियाणा में शिक्षा विभाग करीब 36 स्कूलों को भी अलग से 60 हजार रुपए जारी करेगा लेकिन इसके लिए उन स्कूलों का चयन किया जाएगा जिसमें पी.जी.टी. म्यूजिक टीचर उपलब्ध होगा। शिक्षा विभाग का एकैडमिक सैल ऐसे स्कूलों की सूची तैयार कर रहा है।