चोर नहीं निकाल सके ए.टी.एम. से पैसे तो तोड़कर किया क्षतिग्रस्त

11/22/2017 4:44:34 PM

सोनीपत(खत्री):शहर के ककरोई रोड स्थित एक्सिस बैंक के ए.टी.एम. को चोरों ने देर रात अपना निशाना बना दिया। चोरों ने ए.टी.एम. से नकदी निकालने का प्रयास किया लेकिन नकदी नहीं निकाल पाए तो ए.टी.एम. को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इतना ही नहीं, चोरों ने ए.टी.एम. में लगे 2 सी.सी.टी.वी. भी तोड़ डाले। देर रात गश्त कर रही पुलिस ने ए.टी.एम. पर तोडफ़ोड़ देखकर बैंक कर्मियों को अवगत करवाया।

मंगलवार तड़के करीब 3 बजे सैक्टर-23 चौकी पुलिस ककरोई रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम ने देखा कि एक्सिस बैंक के ए.टी.एम. का शीशा टूटा हुआ है। पुलिस टीम ने मामले की जानकारी बैंक कर्मियों को दी। जिस पर बैंक कर्मियों ने ए.टी.एम. में नकदी डालने वाली कम्पनी को सूचित किया। ए.टी.एम. से नकदी चोरी नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि इस बारे में बैंक कर्मी की तरफ से शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज किया जाएगा। ए.टी.एम. में सुरक्षा को 2 सी.सी.टी.वी. लगाए थे। चोरों ने ए.टी.एम. में घुसने के बाद जहां नकदी नहीं निकलने पर स्क्रीन को तोड़ दिया वहीं, उन्होंने दोनों सी.सी.टी.वी. भी तोड़ दिए। अब पुलिस ने उसकी डी.वी.आर. लेने का प्रयास शुरू कर दिया है।  

राजपाल, थाना प्रभारी सिटी
एक्सिस बैंक के ए.टी.एम. को तोड़कर नकदी निकालने का प्रयास किया गया लेकिन चोर नकदी नहीं निकाल पाए। उन्होंने ए.टी.एम. को क्षतिग्रस्त कर सी.सी.टी.वी. भी तोड़ दिए। डी.वी.आर. को कब्जे में लेकर जांच की जाएगी। पुलिस ने गश्त के दौरान चोरी का पता लगा था। तड़के कई लोगों से पूछताछ भी की गई लेकिन चोरों का पता नहीं लग सका।