अगले 4 दिन तक बूंदाबांदी के आसार

12/11/2017 12:06:16 PM

सोनीपत:दिन में धूप का मजा उठाने वाले जिला वासियों को अब बूंदाबांदी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुमानों के अनुसार दिल्ली-एन.सी.आर. क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है और अगले 4 दिनों तक बूंदाबांदी के आसार बने हैं। जिसके बाद तापमान में भी तेजी से गिरावट दर्ज की जाएगी। गौरतलब है कि पिछले 3 सप्ताह से मौसम साफ बना हुआ है। दिन में तेज धूप निकलती है, जिसके कारण तापमान भी मौजूदा समय में सामान्य से 2 डिग्री अधिक बना हुआ है। ऐसे में अब मौसम का मिजाज बदलने वाला है, जिसके बाद ठंड अधिक बढ़ जाएगी। 

24 डिग्री अधिकतम तो 11 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज
रविवार को भी दिन में तेज धूप निकली रही, जिसके चलते दिन का अधिकतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री के आसपास बना रहा। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार सप्ताह के अंत तक दिन का अधिकतम तापमान जहां 20 डिग्री से नीचे आ जाएगा, वहीं न्यूनतम तापमान 8 डिग्री के आसपास पहुंच जाएगा। जिसके चलते लोगों को ठंड का सामना करना पड़ेगा। जबकि सुबह के समय कोहरा भी लोगों को परेशान कर सकता है। हालांकि बरसात के बाद वायु प्रदूषण के स्तर में काफी गिरावट आ जाएगी। मौजूदा समय में शहर में पी.एम. 10 का स्तर लोगों के स्वास्थ्य के लिए अधिक लाभकारी नहीं है। 

कृषि विभाग ने सिंचाई न करने के दिए निर्देश 
वहीं दूसरी तरफ बरसात के आसार के मद्देनजर कृषि विभाग ने भी किसानों को गेहूं की सिंचाई न करने के निर्देश जारी किए हैं। किसानों को एस.एम.एस. के माध्यम से सूचना दी गई है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण 11 से 14 दिसम्बर बीच गरज के साथ हल्की बरसात हो सकती है। इसलिए किसान गेहूं व अन्य फसलों की सिंचाई व दवाई का छिड़काव रोक दें। यही नहीं अगर किसान खरीफ की फसल को मंडी में लेकर जा रहे हैं तो वे तिरपाल अपने साथ रखें सोनीपत  के कृषि उपनिदेशक अनिल सहरावत अगले कुछ दिनों तक बरसात के आसार हैं। बरसात से रबी की फसलों को काफी फायदा पहुंचेगा। किसानों को अभी सिंचाई न करने के निर्देश दिए हैं। तापमान में भी गिरावट आने की सम्भावना है, जिससे गेहूं की ग्रोथ को फायदा होगा।