थाना प्रभारी ने आरोपी छोड़ा था रिश्वत का जुगाड़ करने, उलटे छापा मरवा दिया

4/14/2019 6:21:14 PM

गोहाना (अरोड़ा): एक पुलिस चौकी के प्रभारी को मांगी गई रिश्वत की बाकी रकम लाने के लिए आरोपी युवक को भेजना महंगा पड़ गया। उस युवक ने उलटे पुलिस चौकी प्रभारी पर छापा मरवाकर उससे रिश्वत की रकम बरामद करवा दी।

मामला बरोदा थाने का है। इस थाने की एक चौकी नैशनल हाईवे 709 पर है। इस चौकी के प्रभारी को गुप्त सूचना मिली कि रुखी गांव के समीप स्थित एक ढाबे पर जिस्मफरोशी का धंधा होता है। इस पुलिस अधिकारी ने अपनी टीम लेकर ढाबे पर छापा मारा। एक कमरे में एक लड़का और एक लड़की आपत्तिजनक स्थिति में मिले। पुलिस अधिकारी ने उस जोड़े को कब्जे में ले लिया। लड़का गोहाना के ही एक गांव का था जबकि लड़की गोहाना के नजदीक के एक बड़े शहर की थी। लड़के का एक रिश्तेदार पुलिस में है।

लड़के ने इसी रिश्तेदार पुलिस वाले से चौकी प्रभारी की फोन पर बात करवा दी। आरोप है कि केस को रफा-दफा करने के लिए चौकी प्रभारी ने 2 लाख रुपए की मांग की। इस रकम में से 50 हजार रुपए की राशि लड़के ने फौरन दे भी दी। उसके बाद बाकी के डेढ़ लाख के इंतजाम के लिए चौकी प्रभारी ने आरोपी लड़के को बाहर जाने की इजाजत भी दे दी। जानकारी के अनुसार लड़के ने बाहर आते ही डी.एस.पी. सुशीला से सम्पर्क किया तथा उन्हें पूरी जानकारी दी। उसके बाद जब डी.एस.पी. ने छापा मारा, पुलिस चौकी प्रभारी से वे 50 हजार रुपए बरामद भी हो गए। इस मामले के उजागर होते ही हड़कम्प मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Shivam