4 दिन बाद मिला 15 वर्षीय किशोर का शव

6/26/2019 1:36:23 PM

यमुनानगर (ब्यूरो): 4 दिन पहले अपने रिश्तेदारों के साथ पश्चिमी यमुना नहर में नहाने गए युवक का शव मंगलवार को बाड़ी माजरा पुल के पास से झाडिय़ों में फंसा हुआ बरामद हुआ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बैंक कॉलोनी निवासी 15 वर्षीय निखिल 9वीं कक्षा का छात्र है। उनके घर पर उनके रिश्तेदारों के बच्चे भी छुट्टियों में आए हुए थे। निखिल 22 जून को अपने रिश्तेदारों के बच्चों के साथ घर से घूमने के लिए निकल गया। रास्ते में उन्होंने योजना बनाई कि वह पश्चिमी यमुना नहर में नहाएंगे।

सभी नहाने के लिए चिता मंदिर के सामने पश्चिमी यमुना नहर के दूसरे किनारे पर नहाने लग गए। निखिल के साथ रिश्तेदारों के बच्चे भी थे। नहाते समय निखिल गहरे पानी में चला गया और अचानक पानी में ही लापता हो गया। जब उसके साथ गए बच्चों ने देखा तो वह पानी से बाहर निकले और इसकी सूचना परिजनों को दी।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। 22 जून से ही गोताखोरों की मदद से निखिल को नहर में तलाशा जा रहा था। मंगलवार सुबह बाड़ी माजरा पुल के पास नहर किनारे पानी में झाडिय़ों में एक युवक का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। आस-पास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। वहीं निखिल को ढूंढते हुए उसके परिजन भी आ गए। जिन्होंने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। जिसकी पहचान निखिल के नाम से हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Isha