3 मर्डर, एक गोलीकांड, एक लूट, पुलिस को नहीं लगा सुराग

2/18/2019 1:34:44 PM

यमुनानगर (सतीश): कैल गांव स्थित डेयरी काम्प्लैक्स में एक ही तरीके से हुए 2 मर्डर मामलों और रादौर उपमंडल में अगवा कर युवक को पीट हत्या करने के मामले में पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई। तीनों ब्लाइंड मर्डर पुलिस के लिए गुत्थी बने हुए है और अभी तक अनसुलझे हैं। अभी तक तीनों मामलों में पुलिस न तो आरोपियों का कोई सुराग लगा पाई और न ही हत्या करने की वजह। हालांकि पुलिस की दोनों सी.आई.ए. व डिटैक्टिव स्टाफ सहित 4 टीमें मामलों को सुलझाने में जुटी है। लेकिन तीनों मर्डर में अभी तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लग पाया। देखना होगा पुलिस के हाथ कब तक आरोपियों के गिरेबान तक पहुंचते हैं।  
पहला केस 

27 जनवरी 2019 को कैल में पौध नर्सरी की देखरेख करने वाले यू.पी. के ज्योतिफूले नगर निवासी तेजपाल (45) की रात के समय हत्या की दी गई। वह रात के समय नर्सरी में बने कमरे में सोया हुआ था। उससे पहले शाम के समय जब नर्सरी संचालक पवन ने उसे फोन किया लेकिन फोन किसी ने उठाया नहीं, जिस पर पवन वहां पर पहुंचे तो उन्होंने खून से लथपथ शव दिखाई दिया। उसके मुंह, गर्दन, सिर और हाथों पर तेजधार हथियार के निशान मिले। उसकी हाथ की एक अंगुली कटी हुई थी। पुलिस ने मामले में अज्ञात पर हत्या के आरोप में केस दर्ज किया हुआ है। इस मामले में अभी तक पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई।

दूसरा केस

इस घटना से 12 दिन पहले 15-16 जनवरी की रात को कैल स्थित डेयरी कॉम्प्लैक्स में एक डेयरी के चौकीदार मोहन की हत्या भी इसी तरह कर दी गई थी। मोहन भी डेयरी में रात को अकेला रहता है। हत्यारोपियों ने मोहन को भी सोते हुए तेजधार हथियारों से काट था। उसके चेहरे, गर्दन व शरीर के अन्य स्थानों पर काटने के निशान थे। मोहन की उंगुली भी काटी हुई थी। वह अपने बिस्तर पर ही खून से लथपथ मिला था। चौकीदार मोहन व तेजपाल की हत्या एक ही तरीके से की गई थी। दोनों अकेले रहते थे। तभी हत्यारोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।

तीसरा केस

27  जनवरी 2019 की रात को अज्ञात लोगों की रादौर की दीपक कालोनी निवासी सोनू (30) को कार में अगवा कर पीटकर अधमरा कर हाईवे किनारे फैंक दिया था। अगले दिन पी.जी.आई. चंडीगढ़ में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक युवक के पिता राजकुमार यादव की शिकायत पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध 28 को हत्या का मामला दर्ज किया। सी.सी.टी.वी. फुटेज में कार से युवक को फंैकने की घटना कैद हुई थी। थाना प्रभारी इंस्पैक्टर रमेशचंद कादियान का कहना है कि मामले को सुलझाने के लिए लगे हुए है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

चौथा केस

6 फरवरी की रात पूर्व विधायक दिलबाग सिंह भतीजे दिलराज सिंह पर फायर किया गया था। जिसमें वे बाल-बाल बच गए।  इस मामले में सी.आई.ए.-टू ने तीनों बुलेट चालकों की शिनाख्त कर ली है। गिरफ्तारी कब होगी, इस बारे स्टाफ इंचार्ज श्रीभगवान यादव का कहना है कि रेड जारी है। जल्द आरोपियों को पकड़ेंगे 

5वां केस 

9 फरवरी की रात राज मोट्र्स जगाधरी में आगजनी की गई थी। 4 अज्ञात बदमाशों ने पहले चौकीदार राम सूफल को पीटा उसके बाद बंधक बनाया। इसके बाद क्षतिग्रस्त आई-20 कार को लूट ले गए। इस मामले में संचालक ने 55 लाख के नुक्सान की शिकायत दी थी। इस मामले के आरोपी भी पकड़ से बाहर हैं। वहीं बूडिय़ा गेट चौकी इंचार्ज राजपाल ने दावा किया कि जल्द ही मामले को सुलझाया जाएगा।  

Deepak Paul